Vivah Muhurat : करीब चार महीने के लंबे इंतजार के बाद देशभर में एक बार फिर शहनाइयां गूंजने वाली हैं। देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह के साथ विवाह एवं अन्य मांगलिक कार्यों का सिलसिला शुरू हो रहा है। 20 और 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक चलने वाले 25 दिनों के इस शादी सीजन में देशभर में करीब 52 लाख शादियां होने का अनुमान है। व्यापारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के मुताबिक, इन शादियों से लगभग 7.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है।
वहीं, चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने इस सीजन में करीब 6 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान जताया है। दोनों संगठनों के आंकड़ों में अंतर है, लेकिन इतना तय है कि शादी का यह सीजन देश के बाजारों और सेवा क्षेत्र के लिए काफी अहम रहने वाला है।
CAIT के अनुसार, दिल्ली-NCR में करीब 5 लाख शादियां होने की संभावना है। इनसे लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। दूसरी ओर CTI ने दिल्ली-NCR में करीब 1 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान जताया है।
शादी के इस सीजन का फायदा ज्वेलरी, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, गिफ्ट आइटम, होटल, बैंक्वेट हॉल, कैटरिंग, टेंट, डेकोरेशन, फोटोग्राफी और ट्रांसपोर्ट से जुड़े कारोबारियों को मिलने की उम्मीद है।
CAIT के अनुमान के मुताबिक, देशभर में शादी से जुड़े कारोबार में वस्तुओं की खरीदारी का हिस्सा करीब 4.05 लाख करोड़ रुपये और सेवाओं का हिस्सा करीब 3.45 लाख करोड़ रुपये हो सकता है।
देवउठनी एकादशी से शुरू होंगे मांगलिक कार्य
हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद चातुर्मास के दौरान विवाह सहित कई मांगलिक कार्य नहीं किए जाते।
कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवउठनी, देवोत्थान या प्रबोधिनी एकादशी कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं और इसके साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है।
वर्ष 2026 में देवउठनी एकादशी 20 और 21 नवंबर को मनाई जा रही है। इसी अवसर पर तुलसी-शालिग्राम विवाह का आयोजन भी किया जाता है। इसके बाद विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू होंगे।
नवंबर-दिसंबर में विवाह के 11 शुभ मुहूर्त
पंचांग गणना और ज्योतिषाचार्यों के अनुसार नवंबर और दिसंबर में विवाह के लिए कुल 11 प्रमुख शुभ तिथियां बताई गई हैं। नवंबर माह में 21 , 24, 25 26 नवंबर को और दिसंबर 2, 3 , 4 , 5 , 6 , 11 , 12 दिसंबर को विवाह के शुभ मुहूर्त हैं।
दिसंबर में खरमास 15 जनवरी में फिर शुभ मुहूर्त
शादी का यह सीजन बहुत लंबा नहीं रहने वाला है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार 16 दिसंबर 2026 से सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू होगा। यह अवधि 15 जनवरी 2027 तक रहेगी।इस दौरान पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार विवाह और अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। 15 जनवरी को मकर संक्रांति के बाद विवाह के शुभ मुहूर्त फिर शुरू होने की उम्मीद है।
इस तरह नवंबर और दिसंबर का शुरुआती पखवाड़ा शादी कारोबार के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। अगले 25 दिनों में होने वाले लाखों विवाह न केवल परिवारों में खुशियां लेकर आएंगे, बल्कि देश के छोटे-बड़े कारोबारियों और लाखों सेवा प्रदाताओं के लिए भी कमाई के बड़े अवसर पैदा करेंगे।

