Phool Chand Mullana Passed Away: हरियाणा की राजनीति से शुक्रवार सुबह एक दुखद खबर सामने आई। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी फूलचंद मुलाना का 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की जानकारी उनके बेटे एवं अंबाला से सांसद वरुण मुलाना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से साझा की।
चौधरी फूलचंद मुलाना का जन्म 6 अप्रैल 1941 को हुआ था। उन्होंने कला संकाय से स्नातक करने के बाद कानून की पढ़ाई की और एलएलबी की डिग्री हासिल की। शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने वकालत शुरू की, लेकिन जल्द ही उनका रुझान राजनीति की ओर हो गया।
उन्होंने वर्ष 1972 में कांग्रेस के टिकट पर मुलाना विधानसभा क्षेत्र से अपना पहला चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर पहली बार विधायक बने। इसके बाद उन्होंने 1982, 1991 और 2005 में भी विधानसभा चुनाव जीतकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वे कुल चार बार विधायक चुने गए।
हरियाणा कांग्रेस संगठन में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने 27 अगस्त 2007 से 10 फरवरी 2014 तक हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। करीब साढ़े छह साल तक इस पद पर रहते हुए उन्होंने संगठन का नेतृत्व किया। उन्हें हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहने वाले नेताओं में गिना जाता है।उन्होंने हरियाणा की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
उनके निधन पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दुख जताया है। उन्होंने X पर लिखा- हमारे अजीज साथी, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं हमारी कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे चौ. फूल चंद मुलाना जी के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत आहत हूँ। प्रदेश के विकास में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उनके जाने से मुझे निजी क्षति हुई है और मैंने अपना एक अनमोल व कर्मठ सहयोगी खो दिया है। दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें।

