Weather Updates : हरियाणा, दिल्ली- एनसीआर में मौसम आमतौर पर शुष्क और साफ़ बना हुआ। दिन और रात के तापमान में उफान देखने को मिल रहा है। हालांकि सुबह हल्की मीठी मीठी ठंड का अहसास ज़ारी है। सम्पूर्ण इलाके में फरवरी महीने के अंतिम दिनों में चुभने वाली गर्मी की आहट और सुगबुगाहट सुनाई देने लगी है। हरियाणा के अधिकतर स्थानों पर दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक बने हुए।
वहीं मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा, दिल्ली- एनसीआर में फरवरी महीने के अंत तक मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा और तापमान में और अधिक उछाल देखने को मिलेगा और मार्च महीने की शुरुआत और स्वागत तीखी गर्मी से होगा। होली के आसपास दिन के तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस से पार हो जाएगा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि आमतौर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी बर्फीली हवाओं से मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में दिन और रात के तापमान में गिरावट होती है। वर्तमान परिदृश्य में किसी भी सक्रिय मौसम प्रणाली का असर हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर दिखने को नहीं मिल रहा है। हवाओं के पैटर्न में बदलाव देखने को मिल रहा है हवाओं की दिशा शुष्क और गर्म पश्चिमी हवाओं के चलने से वातावरण से धीरे-धीरे नमी और आद्रता में कमी होने से और सूर्य की चमकदार किरणें सीधे पड़ती है और तीखी होने लगती है जिससे सम्पूर्ण मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में तापमान में उछाल देखने को मिल रहा है।

