Weather : हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 12 से 15 सितंबर के बीच हरियाणा के कुछ जिलों में बारिश और बूंदाबांदी से गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम मुख्यतः परिवर्तनशील और शुष्क रह सकता है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ चन्द्र मोहन के जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश पर बनी मौसम प्रणाली कमजोर पड़ने और तेज पश्चिमी हवाओं के चलते हरियाणा-NCR में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन-रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज हो रहा है। 11 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया और 12 सितंबर को उत्तरी पहाड़ी क्षेत्रों में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 12 से 15 सितंबर तक हरियाणा के उत्तरी व दक्षिण-पूर्वी जिलों में हल्की बारिश-बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं, अन्य क्षेत्रों में कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं 12 सितंबर से पश्चिमी हवाओं की जगह दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलने और बादलों की आवाजाही बढ़ने से मौसम के फिर परिवर्तनशील होने के आसार हैं।


