Weather Update : हरियाणा में मौसम लगातार करवट ले रहा है। सुबह-शाम ठंड बढ़ने लगी है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, 24 अक्टूबर से कए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादलवाही, हल्की बारिश और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा राज्य में 24 अक्टूबर तक मौसम शुष्क परंतु पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 24 अक्टूबर देर रात्रि से हवाओं के बदलाव उत्तर पश्चिमी से उत्तर पूर्वी होने की संभावना से 25 व 26 अक्तूबर को मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने तथा कहीं कहीं हवाओं व गरज चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। 26 अक्तूबर के बाद राज्य में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान बीच बीच में हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने की सम्भावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट होने परंतु सुबह व शाम को हल्की ठंड रहने की संभावना है। इस दौरान रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी आने की संभावना है।

