Tuesday, March 10, 2026
Homeहरियाणाहरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यकारी उपाध्यक्ष बने विमल...

हरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यकारी उपाध्यक्ष बने विमल गोस्वामी

चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने केंद्रीय अभियांत्रिकी सेवा के 1989 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी विमल गोस्वामी को हरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण (एचपीडब्ल्यूडब्ल्यूएमए) पंचकूला का कार्यकारी उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। श्री गोस्वामी सीमा सड़क संगठन में अपर महानिदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और उन्हें प्रशासनिक एवं तकनीकी क्षेत्र में लंबा अनुभव है।

नवनियुक्त कार्यकारी उपाध्यक्ष विमल गोस्वामी ने अपनी नियुक्ति पर हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे राज्य में जल संरक्षण को बढ़ावा देने, तालाबों के पुनर्जीवन तथा अपशिष्ट जल के प्रभावी प्रबंधन के लिए प्राधिकरण की टीम के साथ मिलकर पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जल संसाधनों का संरक्षण समय की आवश्यकता है और इसके लिए आधुनिक तकनीक व प्रभावी योजनाओं के माध्यम से ठोस कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में तालाबों के संरक्षण और पुनर्जीवन के साथ-साथ अपशिष्ट जल के वैज्ञानिक प्रबंधन को मजबूत बनाने की दिशा में प्राधिकरण द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों को और अधिक गति देने के लिए सभी संबंधित विभागों व विशेषज्ञों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

इस मौके पर प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विमल गोस्वामी का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में हरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा तालाबों के पुनर्जीवन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करेगा।

RELATED NEWS

Most Popular