UP News : श्रीराम-श्रीकृष्ण, बाबा विश्वनाथ, मां विंध्यवासिनी की धरा उत्तर प्रदेश के मंदिरों/देवालयों में चैत्र नवरात्रि व रामनवमी पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। वहीं 9 दिन में 24 लाख से अधिक दर्शनार्थी रामनगरी पहुंचे।
विंध्यवासिनी देवी धाम मीरजापुर, देवीपाटन मंदिर बलरामपुर, शाकुम्भरी देवी मंदिर सहारनपुर, श्रीरामजन्मभूमि मंदिर अयोध्या, काशी विश्वनाथ धाम वाराणसी, गोरखपुर के बुढ़िया माता, तरकुलहा देवी, प्रयागराज के अलोपी देवी मंदिर समेत प्रदेश के सभी 75 जनपदों के मंदिरों में श्रद्धालु मां के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन ने सभी मंदिरों में मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराईं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। वहीं आवागमन के लिए सिटी बस, ई-कार्ट के साथ मंदिरों में शुद्ध पेयजल, छाजन व स्वच्छता आदि की विशेष व्यवस्था की गई थी।
चैत्र नवरात्रि व रामनवमी पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
- मां विंध्यवासिनी धाम- नवरात्रि में 35 लाख से अधिक श्रद्धालु
- रामनगरी अयोध्या- 9 दिन में 24 लाख से अधिक श्रद्धालु
- अलोपी देवी मंदिर प्रयागराज- दो दिन में साढ़े तीन लाख से अधिक श्रद्धालु
- कल्याणी देवी शक्तिपीठ प्रयागराज- दो दिन में सवा दो लाख
- मां ललिता देवी मंदिर प्रयागराज- एक लाख से अधिक भक्त पहुंचे
- नैमिषारण्य- रामनवमी पर एक लाख से अधिक श्रद्धालु
- गोरखपुर- रामनवमी पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिरों में की पूजा-अर्चना
- मां शाकुंभरी देवी, सहारनपुर- रामनवमी पर एक लाख से अधिक भक्तों ने दरबार में लगाई हाजिरी
- मां पाटेश्वरी मंदिर, देवीपाटन तुलसीपुर- रामनवमी पर एक लाख भक्त पहुंचे, 9 दिन में 12 लाख से अधिक का रहा आंकड़ा
अष्टमी-नवमी तिथि पर 24 घंटे का हुआ अखंड रामायण पाठ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते दिनों बैठक कर पूरे प्रदेश में अखंड रामायण पाठ कराने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में चैत्र नवरात्रि की अष्टमी व नवमी तिथि पर प्रदेश के कई मंदिरों में अखंड रामायण पाठ हुआ। राजधानी लखनऊ, काशी, मथुरा, अयोध्या, गोरखपुर, झांसी, आगरा समेत सभी 75 जनपदों के देवी मंदिर, हनुमान मंदिर, वाल्मीकि मंदिर आदि में 24 घंटे का अखंड रामायण पाठ संपन्न हुआ। इसमें एक तरफ स्थानीय कलाकारों को मंच मिला तो आमजन भी इस अखंड पाठ में शामिल हुए।