समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। बुधवार सुबह उन्हें सिविल हॉस्पिटल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू के मॉर्चरी में ले जाया गया।
उनकी मौत किस वजह से हुई है यह पता नहीं चला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चला सकेगा। प्रतीक के शव का पोस्टमार्टम लखनऊ में KGMU के डॉक्टरों के पैनल द्वारा किया गया। विसरा को सुरक्षित रख लिया गया है।
प्रतीक के निधन की सूचना मिलते ही अखिलेश यादव हॉस्पिटल पहुंचे और दुख जताया। उन्होंने कहा, वह एक अच्छे लड़के थे, जो जल्दी चले गए।
वहीं प्रतीक के निधन पर उनके चाचा शिवपाल यादव ने भी दुख जताया है। शिवपाल ने ट्वीट कर लिखा कि प्रतीक का निधन अत्यंत दुखद है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे. विनम्र श्रद्धांजलि
प्रतीक यादव के निधन पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन पर शोक जताया। मुख्यमंत्री ने प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना भी जताई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। प्रतीक यादव को विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए सीएम ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं भी जताईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

