कविता.रोहतक : दिल्ली रोड पर बाबा मस्तनाथ मठ के सामने बने अंडरपास के ऊपर अब सड़क को अंतिम रूप देने का काम तेज हो गया है। अंडरपास का निर्माण पूरा होने के बाद सड़क बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल सड़क के बीच बने डिवाइडर में लाइट लगाने के लिए कटिंग की जा रही है। करीब पांच दिन में सड़क तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद दिल्ली रोड से गुजरने वाले वाहन चालकों को अधूरी सड़क और धूल से राहत मिलने की उम्मीद है।
अधूरी सड़क के कारण उड़ रही थी धूल
अंडरपास का निर्माण पूरा होने के बावजूद ऊपर की सड़क तैयार नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। वाहनों की आवाजाही के दौरान सड़क से धूल उड़ती थी, जिससे राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को भी दिक्कत होती थी। अब सड़क निर्माण का काम शुरू होने से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
छह महीने का लक्ष्य, पांच महीने में तैयार हुआ अंडरपास
अंडरपास का निर्माण छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन काम निर्धारित समय से करीब एक महीने पहले पूरा कर लिया गया। अब परियोजना के बचे हुए कार्यों को पूरा कर सड़क को आवागमन के लिए बेहतर बनाने की तैयारी है।
रात में वनवे रहेगा रास्ता, फिर बिछेगा कारपेट
सड़क पर कारपेट बिछाने के दौरान यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। विभाग की योजना के मुताबिक दो दिन बाद रात के समय मार्ग को वनवे करके काम शुरू किया जाएगा। इससे दिन के समय यातायात पर पड़ने वाले असर को कम रखने में मदद मिलेगी। कारपेट बिछाने और अन्य जरूरी कार्यों के लिए करीब पांच दिन का लक्ष्य रखा गया है।
दिल्ली रोड पर सफर होगा आसान
दिल्ली रोड रोहतक से दिल्ली की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। अंडरपास के ऊपर सड़क तैयार होने और डिवाइडर में लाइट लगाने का काम पूरा होने के बाद यहां आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है। इससे वाहन चालकों के साथ-साथ आसपास से गुजरने वाले विद्यार्थियों और राहगीरों को भी राहत मिलेगी।

