Saturday, August 15, 2026
Homeहरियाणाऑर्गेनिक फसलों के लिए गुरुग्राम व हिसार में खुलेंगी दो मंडियां

ऑर्गेनिक फसलों के लिए गुरुग्राम व हिसार में खुलेंगी दो मंडियां

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्य पालन विभाग के मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जब किसान प्राकृतिक ढंग से उगाई गई ऑर्गेनिक फसलें पैदा करेंगे तो इससे नागरिकों का स्वास्थ्य बेहतर होगा।

किसानों को अपनी ऑर्गेनिक उपज बेचने में कोई कठिनाई न हो, इसके लिए सरकार गुरुग्राम और हिसार में दो विशेष मंडियां स्थापित करने जा रही है, जहां किसान अपनी प्राकृतिक एवं ऑर्गेनिक फसलें सीधे बेच सकेंगे। इससे उनकी आमदनी में पहले की तुलना में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।

कृषि मंत्री सोमवार को महाराणा प्रताप हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी (एमएचयू) के दौरे पर पहुंचे थे।  कृषि मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में किसान मुख्यतः गेहूं और धान की खेती पर निर्भर हैं, जिनमें खाद और रसायनों का अधिक उपयोग होता है। यही कारण है कि अनेक गंभीर बीमारियां बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि किसान मोटे अनाजों की खेती की ओर बढ़ें ताकि लोगों का स्वास्थ्य बेहतर रहे और किसानों की आय भी बढ़े। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार बड़ी मात्रा में अनुदान उपलब्ध करा रही है। साथ ही, किसानों को ऑर्गेनिक फसलें बेचने में किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए, इसके लिए दो नई मंडियों की स्थापना की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जो फसलें बिना किसी रासायनिक खाद और दवाइयों के पैदा होती हैं, वही वास्तविक प्राकृतिक खेती कहलाती हैं। इस दौरान कुलपति प्रो. सुरेश मल्होत्रा ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध और विस्तार गतिविधियों के बारे में कृषि मंत्री को विस्तृत जानकारी दी।

कृषि मंत्री ने मैन कैंपस में चल रहे निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली और पूछा कि निर्माण कब तक पूरा होगा। इस पर कुलपति ने बताया कि वर्ष 2026 तक मैन कैंपस का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त कर रहा है और जिस उद्देश्य से प्रदेश व केंद्र सरकार ने एमएचयू की स्थापना की है, उस दिशा में विश्वविद्यालय सार्थक योगदान दे रहा है।

कृषि मंत्री ने कुलपति के साथ मैन कैंपस के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। मौके पर कुलसचिव सुरेश सैनी सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular