Tuesday, May 13, 2025
HomeदेशCM नायब सिंह सैनी की अगुवाई में पंचकूला में निकाली गई "तिरंगा...

CM नायब सिंह सैनी की अगुवाई में पंचकूला में निकाली गई “तिरंगा यात्रा-‘एक यात्रा देशभक्ति के नाम”

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता पर देशवासियों को बधाई दी और इसे राष्ट्र की गरिमा, शौर्य और आत्मसम्मान का प्रतीक बताते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता ने भारत के राष्ट्रीय संकल्प, सैनिकों की वीरता और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की दृढ़ता को विश्व पटल पर स्थापित किया है। यह पूरे देश के लिए गौरव, आत्मसम्मान और वीरता का उत्सव है।

मुख्यमंत्री सैनी पंचकूला में “तिरंगा यात्रा – एक यात्रा देशभक्ति के नाम” के आरंभ से पहले यवनिका टाउन पार्क में उपस्थिजन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री की अगुवाई में सेक्टर-5 स्थित यवनिका टाउन पार्क से भारत माता की जय, वंदे मातरम जैसे नारों के साथ यात्रा आरंभ हुई और मेजर संदीप शांकला मेमोरियल पर जाकर सम्पन्न हुई। इस यात्रा में बच्चों, महिलाओं सहित हजारों लोगों ने भागीदारी की और देश के वीर सैनिकों को नमन किया। मेजर संदीप शांकला मेमोरियल पर मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रीगणों ने माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और जवानों की वीरता व साहस को नमन किया।

सैनी ने कहा कि हमारे सैनिकों ने राष्ट्र को जख्म देने वालों को कड़ा सबक सिखाया है। उन्होंने भारत माता की आन-बान और सम्मान के प्रतीक राष्ट्र ध्वज तिरंगे को झुकने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा भारत माता के गौरव का उत्सव है। यह राष्ट्र के आत्मसम्मान और शौर्य का उत्सव है। यह हमारी राष्ट्रीय चेतना, एकता और स्वाभिमान की अभिव्यक्ति है। यह उन रणबांकुरों को समर्पित है, जिन्होंने दुश्मन को उसकी भाषा में जवाब दिया। यह हमें हर क्षण देशभक्ति की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारे बहादुर सैनिकों ने जिस साहस, निष्ठा और अनुशासन के साथ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया, वह केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि हमारी राष्ट्रीय गरिमा का प्रतीक बन गया है। प्रधानमंत्री का यह स्पष्ट संदेश पूरी दुनिया ने सुना कि ”भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएगा।” यही नए भारत का आत्मविश्वास है और विकसित भारत की पहचान है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह ऑपरेशन भारत की सैन्य रणनीति, प्रधानमंत्री के नेतृत्व की कुशलता और सैनिकों के शौर्य का अद्वितीय उदाहरण है। इसमें आतंकवादियों के कई अड्डों को नेस्तनाबूद किया गया। पाकिस्तान को यह स्पष्ट संदेश दिया कि भारत की संप्रभुता पर हमला करने की कीमत बहुत बड़ी होती है। जब बात देश की सुरक्षा की आती है, तो भारत कोई समझौता नहीं करता। ऑपरेशन सिंदूर से भारत ने युद्ध की परिभाषा ही बदल दी।

उन्होंने कहा कि गैर-सैन्य कार्रवाई में सिंधु जल संधि निलंबित की गई। कलाकार, वीजा, व्यापार सब कुछ बंद किया। पाक नागरिकों की वापसी की, अटारी बॉर्डर सील किया, आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया और पाकिस्तान को पूरे संसार से अलग-थलग कर दिया। यह युद्ध नहीं था। यह नए भारत का प्रतिशोध था। हमारी सेनाओं ने सिर्फ मिसाइलें नहीं छोड़ीं, उन्होंने ऐसा संदेश दिया जो अमेरिका और चीन तक गूंज उठा। यह है नया भारत, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का सशक्त भारत।

भारत युद्ध का पक्षधर नहीं है, लेकिन जब तक शांति को कमजोरी समझा जाएगा, तो भारत चुप नहीं रहेगा

नायब सिंह सैनी ने कहा कि पहलगाम में महिलाओं को जिंदा छोड़कर आतंकवादियों ने कहा था कि मोदी को जाकर बता देना। अब मोदी ने उन्हें बता दिया है कि भारत की अस्मिता पर आंख उठाने वालों का क्या हाल होता है। उन्होंने पाकिस्तान में बैठे दानव मिटा दिये। उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सीजफायर की बात हुई, तो भारत ने फिर संयम और शांति की मिसाल पेश की। वह केवल एक सैन्य निर्णय नहीं, बल्कि मानवीयता की ओर उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। यह हमारे देश की परिपक्वता, विवेकशीलता और आत्मबल का प्रमाण है। प्रधानमंत्री ने संसार को भी बताया है कि हम आतंक के खिलाफ हैं और इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह दिखाता है कि भारत युद्ध का पक्षधर नहीं है, लेकिन जब तक शांति को कमजोरी समझा जाएगा, तो भारत चुप नहीं रहेगा। यही शौर्य और संयम भारत को एक महान राष्ट्र बनाता है।

मुख्यमंत्री ने उन परिवारों को प्रणाम किया जिन्होंने अपने बेटे, भाई, पति को देश की रक्षा के लिए समर्पित किया और देश के नागरिकों को भी धन्यवाद किया, जिनकी एकता और अनुशासन ने इस संकट की घड़ी में संभालकर रखा।

इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष  मोहन लाल कौशिक, कैबिनेट मंत्री  कृष्ण लाल पंवार, श्री महीपाल ढांडा, डॉ. अरविंद शर्मा, श्री श्याम सिंह राणा, रणबीर गंगवा, कृष्ण कुमार बेदी, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा,  विधायक योगेंद्र राणा, विनोद भ्याना, प्रमोद विज, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, सूचना, जन संपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग, मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular