Rohtak News : कुंडल, खरखौदा से संबंध रखने वाले जीडी गोयनका इंटरनेशनल स्कूल के कक्षा 11 के छात्र तेजस ने खेल के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। तेजस ने दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित 69वें राष्ट्रीय खेलों में अपने खेल थांग-टा (Thang-Ta) में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
तेजस की इस उपलब्धि का परिणाम है कि अब वह आगामी खेलो इंडिया गेम्स में अपने खेल थांग-टा में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे विद्यालय एवं क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
तेजस की इस सफलता पर विद्यालय के निदेशक विक्रांत मायना एवं सान्या मायना ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि “तेजस ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से यह सिद्ध कर दिया है कि हमारे विद्यार्थी राष्ट्रीय मंच पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
सह-निदेशक हिमांशु गुप्ता ने तेजस को बधाई देते हुए कहा कि “तेजस की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें पूर्ण विश्वास है कि वह खेलो इंडिया गेम्स में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा।
विद्यालय के एचओडी (गेम्स) पंकज कुमार ने भी तेजस को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “तेजस ने कठिन परिश्रम और अनुशासन से यह मुकाम हासिल किया है। हमें विश्वास है कि वह खेलो इंडिया गेम्स में भी पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन करेगा।
तेजस की इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे कुंडल एवं खरखौदा क्षेत्र में खुशी की लहर है। शिक्षकगण एवं खेल प्रशिक्षकों ने भी तेजस को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

