आम आदमी पार्टी (AAP) हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने हरियाणा में पिछले कई दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और राज्य भर में लगे गंदगी के ढेरों को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार की तानाशाही और हठधर्मिता के कारण आज पूरा हरियाणा कूड़ेदान में तब्दील हो गया है।
डॉ. सुशील गुप्ता ने अपने बयान में कहा, “सफाई कर्मचारी हमारे समाज की रीढ़ हैं। कोरोना जैसी भयानक महामारी हो या चिलचिलाती धूप, ये कर्मचारी अपनी जान की परवाह किए बिना हमारे शहरों और गांवों को साफ रखते हैं। लेकिन यह बेहद शर्मनाक है कि जब वे अपने जायज हकों और मांगों को लेकर आवाज उठाते हैं, तो मौजूदा सरकार गूंगी और बहरी बन जाती है।
डॉ. गुप्ता ने चिंता जताते हुए कहा कि जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने से डेंगू, मलेरिया और हैजा जैसी भयंकर बीमारियां फैलने का खतरा पैदा हो गया है। अगर कोई महामारी फैलती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।
तुरंत बातचीत शुरू हो: आम आदमी पार्टी मांग करती है कि मुख्यमंत्री और संबंधित विभाग के मंत्री तुरंत सफाई कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ मेज पर बैठें और उनकी मांगों (जैसे- कच्ची नौकरियों को पक्का करना, वेतन वृद्धि, सुरक्षा उपकरण आदि) का शीघ्र समाधान निकालें।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि करोड़ों रुपये विज्ञापन पर खर्च करके ‘स्वच्छ भारत’ का ढिंढोरा पीटने वाली सरकार की असलियत इन कूड़े के ढेरों ने उजागर कर दी है।
डॉ. सुशील गुप्ता ने चेतावनी देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी पूरी तरह से सफाई कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। यदि सरकार ने जल्द से जल्द उनकी जायज मांगों को नहीं माना और हड़ताल खत्म करवाकर शहरों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की, तो आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।

