Monday, March 30, 2026
Homeदिल्लीसूरजकुंड मेला हादसा : शहीद इंस्पेक्टर के परिवार के एक सदस्य को...

सूरजकुंड मेला हादसा : शहीद इंस्पेक्टर के परिवार के एक सदस्य को नौकरी, घायलों को दी जाएगी एक-एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा करते हुए कहा कि शहीद इंस्पेक्टर के परिवार के एक सदस्य को नौकरी, घायलों को एक-एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी और घायलों का अच्छे अस्पताल में इलाज कराया जायेगा और इसका खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद के सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में झूला टूटने से हुए दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सूरजकुंड मेले में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। हादसे में शहीद हुए पुलिसकर्मी इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में शहीद के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। शहीद इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की तैनाती पलवल के थाना चांदहट में थी।

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि शहीद पुलिसकर्मी के परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। सुप्रीम अस्पताल में भर्ती 8 घायलों में से 4 मरीजों को उपचार के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है, जबकि शेष 4 का इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। इसके अतिरिक्त बीके सिविल अस्पताल में भर्ती 4 घायलों को भी उपचार उपरांत छुट्टी दे दी गई है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोबारा ऐसी घटना ना हो।

RELATED NEWS

Most Popular