Sunday, September 8, 2024
Homeहरियाणासुनीता केजरीवाल बोलीं- अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली-पंजाब को बदला, अब हरियाणा बदलने...

सुनीता केजरीवाल बोलीं- अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली-पंजाब को बदला, अब हरियाणा बदलने की बारी 

यमुनानगर : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शनिवार को हरियाणा के यमुना नगर में बदलाव जनसभा को संबोधित किया।

जनसभा में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली-पंजाब को बदल कर दिखाया है और अब हरियाणा बदलने की बारी है। हरियाणा की जनता आम आदमी पार्टी को इस बार मौका दे। ‘‘आप’’ की सरकार बनने पर दिल्ली-पंजाब की तरह हरियाणा को भी मुफ्त व 24 घंटे बिजली, शानदार शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। साथ ही, महिलाओं को एक हजार रुपए महीना और सभी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने ऐसे-ऐसे काम किए हैं, जो कोई भी पार्टी आजतक नहीं कर पाई। इसीलिए मोदी जी उनसे जलते हैं। मोदी जी ने फर्जी केस में हरियाणा के लाल को जेल में डालकर ललकारा है। हरियाणा के लोग अपने बेटे का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस बार भाजपा की एक भी सीट नहीं मिलनी चाहिए। यह हरियाणा की इज्जत का सवाल है। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन डॉ. संदीप पाठक व हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल ने शनिवार को साढ़ौरा में बदलाव जनसभा कर हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल के लिए प्रदेश की जनता का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि आप सभी जानते हैं कि अरविंद केजरीवाल, हरियाणा के लाल हैं। 1994 में मेरी इनसे शादी हुई थी। उस समय अरविंद का परिवार हिसार में रहता था। वहां उनके पिता नौकरी करते थे। अरविंद का जन्म तो सिवानी गांव में हुआ था, लेकिन उनकी पढ़ाई, लिखाई और परवरिश हिसार में हुई थी। उन्होंने कहा कि कोई सपने में भी नहीं सोच सकता था कि 20 साल बाद यह लड़का दिल्ली का मुख्यमंत्री बन जाएगा। ये कोई मामूली बात नहीं है। उनका जन्म 16 अगस्त 1968 को हुआ था, उस दिन कृष्ण जन्माष्टमी थी। यह भी कोई मामूली इत्तेफाक नहीं है।

उन्होंने कहा हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल ने जनता के लिए पांच गारंटी दी है। अरविंद केजरीवाल अपनी गारंटी को पूरी करके दिखाते हैं। दिल्ली और पंजाब में उनकी गारंटी पूरी हो रही हैं। अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा को पहली गारंटी दिल्ली और पंजाब की तरह घरेलू बिजली फ्री करने की दी है। ‘‘आप’’ की सरकार बनने के बाद हरियाणा में घरेलु बिजली फ्री और 24 घंटे मिलेगी। दूसरी गारंटी, दिल्ली और पंजाब की तरह हर गांव और हर शहर में मोहल्ला क्लीनिक बनाने का काम करेंगे। सरकारी अस्पताल अच्छे होंगे, सबका अच्छा और फ्री इलाज होगा। तीसरी गारंटी, सरकारी स्कूलों को अच्छा बनाएंगे, जहां अच्छी और फ्री शिक्षा मिलेगी। चौथी गारंटी, हर महिला को हर महीने एक हजार रुपए देने का काम करेंगे। पांचवीं, हर बेरोजगार युवा को रोजगार देंगे। इसके अलावा किसानों, व्यापारियों, खिलाड़ियों, महिलाओं और बुजुर्गों के विकास और खुशहाली के लिए विस्तृत योजनाएं लेकर आएंगे। उन्होंने कहा अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली को बदला है, पंजाब को बदला है और अब हरियाणा में बदलाव की बारी है। हम सबको मिलकर नया हरियाणा बनाना है।

उधर, ‘‘आप’’ हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि हरियाणा के अंदर भ्रष्टाचार का बोलबाला है। हरियाणा सरकार इस देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular