Thursday, February 5, 2026
Homeहरियाणारोहतकअल्ट्रासाउंड केंद्रों पर कड़ी निगरानी : रोहतक जिला में प्रत्येक गर्भवती महिला...

अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर कड़ी निगरानी : रोहतक जिला में प्रत्येक गर्भवती महिला का होगा पंजीकरण

रोहतक  : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अधिकारी जिला में प्रत्येक गर्भवती महिला का पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं की सख्त निगरानी, अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर कड़ी निगरानी तथा गर्भवती महिलाओं और बच्चों के 100 प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य को प्राप्त करने के निर्देश दिए।

सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रोहतक जिला नवजात शिशुओं को जीरो डोज देने के मामले में प्रदेश में अव्वल है। जिला डिजिटल एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर प्रगति करते हुए एक मॉडल जिला के रूप में उभर रहा है। उपचार-केंद्रित व्यवस्था से आगे बढ़ते हुए अब जिला में स्वास्थ्य आश्वासन की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक नागरिक को गरिमा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें। ई-हेल्थ रोहतक और निरोगी रोहतक जैसी पहलें इसी जन-केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाती हैं।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला में शिशु एवं मातृ मृत्यु दर की समीक्षा करते हुए कहा कि इनकी संख्या कम से कम करने के लिए सभी प्रयास किए जाए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं में खून की कमी को दूर करने के लिए आवश्यक सप्लीमेंट दिए जाए। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा शुरू की गई स्वास्थ्य वाहिनी के शिविरों में मानसिक स्वास्थ्य के काउंसलर की उपस्थिति में सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को मानसिक स्वास्थ्य बारे जागरूक किया जा सके। उन्होंने डेंगू मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि हर वर्ष डेंगू पनपने वाले क्षेत्रों की पहचान कर स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करवाई जाएगी।

सचिन गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य वाहिनी के माध्यम से स्तन कैंसर की चिन्ह्ति महिलाओं के ईलाज के लिए आवश्यक कदम उठाए जाए तथा पीजीआई से भी ईलाज उपलब्ध करवाने बारे कार्रवाई की जाए ताकि इस अभियान का उद्देश्य पूरा हो सके। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं में स्तन कैंसर की प्रारंभिक स्थिति में पहचान कर उन्हें ईलाज उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि जिला में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसूति सुनिश्चित की जाए तथा बच्चों के टीकाकरण भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस के माध्यम से सिविल अस्पताल एवं पीजीआई की टीम की मदद से ज्यादा से ज्यादा रक्तदान शिविर लगाए जाए।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने निवारक स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरोगी रोहतक के तहत लक्षित स्क्रीनिंग शीघ्र पूर्ण करने तथा चिन्हित गैर-संचारी रोग (एनसीडी) मरीजों को उपचार एवं फॉलो-अप से शीघ्र जोडऩे के निर्देश दिए। निरोगी हरियाणा के तहत 89 प्रतिशत से अधिक लक्षित व्यक्तियों के स्वास्थ्य की जांच की गई है। एनीमिया मुक्त रोहतक के अंतर्गत आईसीडीएस एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से एनीमिया जांच की जा रही है तथा गर्भवती महिलाओं को आवश्यक पूरक आहार सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने टीबी मुक्त अभियान के तहत जांच एवं उपचार को और सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया।

सचिन गुप्ता ने कहा कि मन सारथी कार्यक्रम के तहत स्कूलों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में वेलनेस कॉर्नर स्थापित किए गए हैं, टेली-मनोरोग सेवाएं संचालित हैं तथा जिला मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन (8295474838) प्रात: 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक गोपनीयता के साथ कार्यरत है। ग्राम स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य स्वयंसेवक डेंगू निगरानी, टीबी जागरूकता एवं मातृ फॉलो-अप में सहयोग कर रहे हैं। क्लीन हॉस्पिटल-ग्रीन हॉस्पिटल मिशन के अंतर्गत जिला की सभी 35 स्वास्थ्य संस्थानों में बारकोड ट्रैकिंग के साथ अधिकृत बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन लागू किया गया है।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ.रमेश चन्द्र, डॉ. डिम्पल, डॉ.अनिल जीत त्रेहान, डॉ. प्रीतेव सिंह, डॉ. प्रतिभा, डॉ. श्रेया व मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी तनुमय दत्ता, जिला परिवार कल्याण शिक्षा अधिकारी सुरेश भारद्वाज, जयंत सांगवान सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारीगण, महिला एवं बाल विकास विभाग, रेडक्रॉस सोसायटी, जन स्वास्थ्य विभाग व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED NEWS

Most Popular