Sunday, May 17, 2026
Homeहरियाणानिकाय चुनावों में भाजपा को वोट देकर ट्रिपल इंजन की सरकार को...

निकाय चुनावों में भाजपा को वोट देकर ट्रिपल इंजन की सरकार को मजबूत बनाए : सीएम नायब सैनी

  • 10 मई को नगर निकाय चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आम जनता से की अपील
  • जनता का एक-एक वोट हरियाणा के समृद्ध, सुरक्षित और विकसित भविष्य की मजबूत नींव रखेगा

चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 10 मई 2026 को प्रदेश में होने वाले नगर निकाय चुनावों को लेकर आम जनता से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों में आमजन भाजपा को वोट देकर ट्रिपल इंजन की सरकार को मजबूत बनाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 मई का दिन केवल चुनाव का दिन नहीं है, बल्कि हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य को तय करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। इस दिन प्रदेश में स्थानीय निकाय समितियों के चुनाव होने जा रहे हैं। सोनीपत, अंबाला और पंचकूला नगर निगमों में मेयर एवं पार्षदों के चुनाव से लेकर रेवाड़ी, धारूहेड़ा, सांपला, उकलाना सहित अनेक नगर निकायों और पंचायत समितियों के चुनाव संपन्न होंगे। मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें। आपका एक-एक वोट केवल किसी प्रत्याशी को जिताने के लिए नहीं, बल्कि अपने बच्चों के सुरक्षित भविष्य, माताओं-बहनों के सम्मान, युवाओं के सुनहरे सपनों और हरियाणा की खुशहाली के लिए है।

प्रत्याशियों के लिए की अपील

मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंचकूला में हमारे मेयर प्रत्याशी श्याम लाल बंसल, अंबाला में मेयर पद की उम्मीदवार अक्षिता सैनी, सोनीपत में मेयर पद के प्रत्याशी राजीव जैन सहित पूरे हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर ट्रिपल इंजन की सरकार को और मजबूत बनाइए। आपका एक-एक वोट केवल हरियाणा के विकास को गति नहीं देगा, बल्कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हाथों को और मजबूत करेगा, ताकि विकसित भारत और विकसित हरियाणा का संकल्प और अधिक शक्ति के साथ आगे बढ़ सके।

उन्होंने कहा कि आइए, हम सब मिलकर ऐसा हरियाणा बनाएं जो विकास, विश्वास और खुशहाली की नई मिसाल बने। आपका एक-एक वोट हरियाणा के समृद्ध, सुरक्षित और विकसित भविष्य की मजबूत नींव रखेगा। 10 मई को कमल का बटन दबाकर विकास, स्थिरता, राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प को मजबूती प्रदान करें।

RELATED NEWS

Most Popular