Rohtak News : नगर निगम, रोहतक द्वारा शहर में व्यवस्थित एवं सुचारू शहरी आजीविका को बढ़ावा देने तथा स्ट्रीट वेंडर्स/ रेहड़ी-फड़ी वालों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उदेश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
यह अभियान नगर निगम के शहरी परियोजना अधिकारी के नेतृत्व में निगम के संबंधित कर्मचारियों द्वारा संचालित किया गया। अभियान के लिए महावीर पार्क के आस-पास के क्षेत्र को चिन्हित किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स/रेहड़ी-फड़ी वाले उपस्थित रहे। अभियान के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्ट्रीट वेंडर्स/रेहड़ी-फड़ी वाले से सीधे संवाद स्थापित करते हुए उन्हें उनके व्यवसाय के लिए वैध लाइसेंस बनवाने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
निगम आयुक्त डा. आनंद कुमार शर्मा ने यह भी बताया कि अभियान के दौरान स्ट्रीट वेंडिंग/रेहड़ी-फड़ी लाइसेंस न केवल उनके रोजगार को कानूनी मान्यता प्रदान करता है, बल्कि उन्हें नगर निगम द्वारा उपलब्ध करवाई जाने वाली विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाने में भी सहायता करता है। साथ ही, लाइसेंस धारक स्ट्रीट वेंडिंग/रेहड़ी-फड़ी वालों को अनावश्यक कार्रवाई या व्यवधान से भी सुरक्षा मिलती है।
निगम आयुक्त डा. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि मौके पर नगर निगम की टीम ने सभी उपस्थित स्ट्रीट वेंडिंग/रेहड़ी-फड़ी वालों को निर्देशित किया कि वे नगर निगम कार्यालय में उपस्थित होकर अपने आवश्यक दस्तावेज जैसे पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक कागजात प्रस्तुत करें, ताकि उनके लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। नगर निगम का उद्देश्य किसी भी वेंडर को परेशान करना नहीं, बल्कि उन्हें संगठित एवं सुरक्षित व्यापारिक वातावरण प्रदान करना है। इसके लिए सभी वेंडर्स का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

