Rohtak News : रोहतक शहर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। DLF कालोनी में मेन रोड पर कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं जिससे लोग डर के साए में जीने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम से इस गंभीर समस्या से समाधान की मांग की है।
लोगों ने निगम को शिकायत देते हुए कहा, हमारे क्षेत्र में पिछले कुछ समय से आवारा कुत्तों की संख्या बहुत अधिक बढ़ गई है, जिससे स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह कुत्ते राह चलते लोगों, बच्चों एवं बुजुर्गों पर हमला कर रहे हैं तथा कई लोगों को काट भी चुके हैं। इसके अलावा, ये दिन-रात भौंकते रहते हैं जिससे शोर-शराबा बना रहता है और लोगों की नींद एवं दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि बच्चों और महिलाओं का बाहर निकलना भी असुरक्षित हो गया है।

उन्होंने कहा, इस संबंध में शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती है, तो हम क्षेत्रवासी बाध्य होकर इस विषय को लेकर उच्च प्रशासनिक अधिकारियों एवं न्यायालय के समक्ष उठाने के लिए विवश होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
लोगों ने की ये मांग
- इस समस्या को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
- संबंधित विभाग/कॉन्ट्रैक्ट एजेंसी को निर्देशित कर आवारा एवं आक्रामक कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थान (डॉग शेल्टर/ABC सेंटर) में स्थानांतरित किया जाए।
- क्षेत्र में नियमित रूप से पशु नियंत्रण एवं निगरानी अभियान चलाया जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या पुनः उत्पन्न न हो।

