Wednesday, March 25, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक जिला में 6931 गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध : डीसी ने...

रोहतक जिला में 6931 गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध : डीसी ने कहा- किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें उपभोक्ता

रोहतक  : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला में उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य रूप से की जा रही है तथा किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला में 35 गैस एजेंसियों के माध्यम से गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

सचिन गुप्ता ने कहा है कि रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कालाबाजारी, जमाखोरी तथा गैस के अनाधिकृत प्रयोग को रोकने के लिए लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके तहत समय-समय पर छापामारी कर जांच-पड़ताल भी की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बुधवार को जिला में 6931 गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध रहा, जबकि विभिन्न गैस एजेंसियों को 8640 गैस सिलेंडर प्राप्त हुए। इसी दिन एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को 8576 गैस सिलेंडरों की डिलीवरी की गई, जिससे मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित की गई।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि उपभोक्ताओं की मांग को ध्यान में रखते हुए कलानौर गैस एजेंसी की आपूर्ति को भी बढ़ाया गया है, ताकि संबंधित क्षेत्र में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कहीं गैस आपूर्ति में कोई अनियमितता नजर आती है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला में गैस की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है और उपभोक्ताओं तक सिलेंडर समय पर पहुंचाए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आवश्यकता अनुसार ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें और अनावश्यक रूप से सिलेंडरों का संग्रह न करें। उन्होंने कहा है कि शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार को 25 दिनों के अंतराल के बाद गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार को 45 दिनों के अंतराल पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है ताकि सभी उपभोक्ताओं को सुचारु रूप से गैस उपलब्ध करवाई जा सके।

रसोई गैस के प्रभावी प्रबंधन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि रसोई गैस के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में एलपीजी से संबंधित शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित करेंगे। रोहतक के सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अशोक कुमार (9416283975) को रोहतक व सांपला क्षेत्र का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। महम की सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी कुसुमलता (9518175506) को महम, कलानौर व लाखनमाजरा क्षेत्र का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

उपायुक्त ने आमजन से आह्वान किया है कि यदि उन्हें एलपीजी गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की कोई शिकायत हो तो वे संबंधित नोडल अधिकारी या जिला स्तर के हेल्पलाइन नंबर 01262-269895 पर संपर्क करें। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि वे शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

RELATED NEWS

Most Popular