Wednesday, December 31, 2025
Homeदेशअंबाला में राज्य स्तरीय कार्यक्रम : CM नायब सिंह सैनी बोले- ‘वंदे मातरम्’...

अंबाला में राज्य स्तरीय कार्यक्रम : CM नायब सिंह सैनी बोले- ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्र की आत्मा, पहचान और गौरव का प्रतीक है

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारत की आत्मा, धड़कन और पहचान है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को मां अम्बा की पावन धरती अम्बाला में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान नई दिल्ली में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित मुख्य उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में वंदे मातरम् की अमर भावना को नमन किया। उन्होंने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वर्ष भर चलने वाले समारोह का शुभारंभ किया तथा स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी किया।

इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश वासियों को ‘वंदे मातरम्’ गीत के 150 वर्ष पूरे होने पर हार्दिक बधाई देते हुए उपस्थित जनसमूह को ‘स्वदेशी संकल्प’ भी दिलाया, साथ ही सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग द्वारा वंदे मातरम् की गौरव गाथा को प्रदर्शित करने वाली लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

‘वंदे मातरम्’ भारत की आत्मा है : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारत के स्वराज्य आंदोलन की चेतना का उदगार है। इस गीत ने गुलामी की बेड़ियों में जकड़े भारतवासियों में आत्मबल, अनुशासन और त्याग की भावना जगाई थी। उन्होंने कहा कि यह गीत वह दिव्य शक्ति है जिसने ब्रिटिश साम्राज्य को हिला दिया था और युवाओं के भीतर क्रांति की ज्योति प्रज्वलित की। अंग्रेज़ इस गीत से डरते थे क्योंकि इसमें हथियारों से करोड़ गुना अधिक शक्ति थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ गीत हमारी नदियों की कल-कल, खेतों की हरियाली और धरती के गौरव की गूंज है। यह शिवरात्रि की तपस्या में, वैसाखी के उल्लास में, होली के रंगों में और दीपावली के दीपों में रचा-बसा है। यह गीत हमारी एकता का अमृत मंत्र है।

‘वंदे मातरम्’ पर आपत्ति करने वाले भारत की आत्मा को नहीं समझते

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग ‘वंदे मातरम्’ पर आपत्ति करते हैं। उन्होंने कहा कि यह लोग भारत की संस्कृति, आत्मा और राष्ट्रीय गर्व को नहीं समझते। उन्होंने बताया कि 1923 में काकीनाडा कांग्रेस अधिवेशन में पंडित विष्णु दिगंबर पलुस्कर को ‘वंदे मातरम्’ गाने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन, उस वर्ष कांग्रेस अध्यक्ष मौलाना मोहम्मद अली ने धार्मिक आधार पर आपत्ति जताई और कहा कि इस्लाम में संगीत वर्जित है। बाद में 1937 में कांग्रेस कार्यसमिति ने मुस्लिम लीग नेताओं को खुश करने के लिए राष्ट्रीय गीत बदलने का निर्णय लिया। बाद में भी कांग्रेस और उसके नेताओं ने कई बार ‘वंदे मातरम्’ के प्रति असहमति दिखाई।

ए.आई.एम.आई.एम. नेता श्री अकबरुद्दीन ओवैसी ने वर्ष 2017 में मांग की थी कि स्कूलों में छात्रों के लिए ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य करने वाले सर्कुलर को रद्द किया जाए। हाल ही में,तेलंगाना में भी कांग्रेस सरकार ने कहा है कि स्कूलों में ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इसी तरह वर्ष 2019 में मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार ने सचिवालय में ‘वंदे मातरम्’ गायन पर प्रतिबंध लगाया था। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ कोई विवाद नहीं, बल्कि यह मां भारती का प्रसाद है। यह तुष्टिकरण नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलने वालों का गीत है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से पांच संकल्प लेने का आह्वान किया

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने उपस्थित जनसमूह को पाँच संकल्प लेने की अपील की। इनमें भारत प्रथम यानि हर कार्य में राष्ट्र सर्वोपरि है। इसी प्रकार तुष्टिकरण नहीं के जरिये समग्र एवं संतुलित विकास का मार्ग अपनाने का आह्वान किया। साथ ही तीसरे संकल्प के तहत मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक न्याय व अवसर, सम्मान यानि समाज के हर वर्ग को समान सम्मान मिले। वहीं, स्वदेशी और नवाचार के आह्वान के रूप में आत्मनिर्भरता की तेज यात्रा का चौथा संकल्प तथा साथ ही पांचवे संकल्प के रूप में राष्ट्र विरोधी शक्तियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब ये पाँच संकल्प हर नागरिक के जीवन में उतरेंगे, तभी ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्ष की यात्रा पूर्ण सार्थक होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हर नागरिक को एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए।

पंडित सुभाष घोष ने दी वंदे मातरम् की प्रस्तुति

कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध भारतीय शास्त्रीय संगीतज्ञ पंडित सुभाष घोष ने ‘वंदे मातरम्’ की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया, साथ ही हरियाणा पुलिस के दल तथा स्कूली बच्चों ने भी देशभक्ति पर आधारित गीतों और नृत्य प्रस्तुत कर समारोह को और भव्य बना दिया।

इस दौरान बंतो कटारिया,  मदन लाल गोयल, रितेश गोयल, मनदीप, जिप परिषद के चेयरमैन मक्खन सिंह, उपायुक्त  अजय तोमर, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) वर्षा खांगवाल, पुलिस अधीक्षक अजय शेखावत, मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन जसमेर राणा सहित कई गणमान्य तथा अधिकारी मौजूद थे।

RELATED NEWS

Most Popular