चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत आगामी 28 मार्च को अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन से अयोध्या धाम के लिए स्पेशल ट्रेन चलेगी। इस ट्रेन को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर अंबाला के उपायुक्त अपने कार्यालय में सम्बन्धित अधिकारियों की एक बैठक ले रहे थे। इससे पहले वीसी के माध्यम से सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री के. मकरंद पाण्डुरंग ने कार्यक्रम के दृष्टिगत विस्तार से जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने बताया कि अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन से 28 मार्च को बाद दोपहर 4 बजे अम्बाला से अयोध्या के लिए स्पेशल ट्रेन जाएगी तथा यहां से अम्बाला, पंचकूला व यमुनानगर के श्रद्धालु, जिन्होंने सरल पोर्टल पर पंजीकरण किया था, वे यहां से अयोध्या यात्रा के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि सभी श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए मैसेज कर दिया गया है।
यहां बता दें कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के पात्र बुजुर्ग श्रद्धालुओं को विभिन्न तीर्थ स्थलों की निशुल्क तीर्थ यात्रा करवाने के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना शुरू की गई है। इसी कड़ी में अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या के लिए विशेष ट्रेन 28 मार्च को चलेगी। यह ट्रेन यहां से कुरूक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत होते हुए दिल्ली के रास्ते होते हुए अयोध्या के लिए जाएगी।

