Sunday, February 1, 2026
Homeखेल जगतएमडीयू में स्पेशल ओलंपिक भारत एथलेटिक्स नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन 3 फरवरी...

एमडीयू में स्पेशल ओलंपिक भारत एथलेटिक्स नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन 3 फरवरी से

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने स्पेशल ओलंपिक भारत एथलेटिक्स नेशनल चैंपियनशिप की तैयारियों को लेकर शनिवार को अधिकारियों की एक विशेष बैठक की।

बैठक में कुलपति ने आयोजन की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया तथा प्रतियोगिता को भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत ने तैयारियों बारे ब्यौरा दिया।

बैठक के दौरान कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि स्पेशल ओलंपिक भारत जैसे प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों के आवास, भोजन, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा, परिवहन एवं खेल स्थलों की व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत ने बताया कि एमडीयू प्रशासन द्वारा आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। इस प्रतियोगिता से न केवल विशेष खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, बल्कि रोहतक और विश्वविद्यालय की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त होगी। बैठक में डीन, निदेशक समेत एमडीयू के वरिष्ठ अधिकारीगण शामिल हुए।

उल्लेखनीय है कि स्पेशल ओलंपिक भारत एथलेटिक्स नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन 3 से 7 फरवरी तक महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक में किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से 600 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाएं आयोजित होंगी, जिनमें पुरुष एवं महिला वर्ग के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के लिए अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं, जिससे निष्पक्ष और समावेशी प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित हो सके।

RELATED NEWS

Most Popular