Saturday, September 19, 2026
Homeदिल्लीदिल्ली में सोनिया गांधी ने किया कांग्रेस के नए मुख्यालय 'इंदिरा भवन'...

दिल्ली में सोनिया गांधी ने किया कांग्रेस के नए मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ का उद्घाटन, जानें इसकी क्या है खासियत?

दिल्ली: कांग्रेस को आज यानी बुधवार को अपना नया हेडक्वॉर्टर मिल गया। पार्टी ने अपने इस नए ऑफिस का नाम इंदिरा भवन रखा है। पार्टी के दिल्ली के इस नए मुख्यालय का उद्घाटन सोनिया गांधी के हाथों हुआ है। इस खास मौके पर सांसद राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत तमाम नेता मौजूद थे।

कांग्रेस के इस नए दफ्तर का पता 9A, कोटला रोड पर है। कांग्रेस के 139 साल के इतिहास में यह एक अहम पड़ाव माना जा रहा है। हालांकि आज उद्घाटन के मौके पर मौसम थोड़ा अलग था। दिल्ली में आज सुबह से घना कोहरा छाया रहा।

सोनिया गांधी ने फीता काटकर किया उद्घाटन

सोनिया गांधी ने फीता काटकर नए भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी मौजूद थे। इससे पहले, कांग्रेस मुख्यालय के प्रांगण में ध्वजारोहण किया गया और नेताओं ने राष्ट्रीय गीत, राष्ट्र गान और ‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा..’ गाया।

जानकारी के अनुसार कांग्रेस के नए मुख्यालय का शिलान्यास साल 2009 में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने किया था। अब तक कांग्रेस का मुख्यालय 24, अकबर रोड था। बता दें कांग्रेस का नया दफ्तर दिल्ली डीडीयू मार्ग स्थित भाजपा मुख्यालय से करीब 500 मीटर की दूरी पर है।

252 करोड़ रुपये की आई लागत

कांग्रेस का नया दफ्तर करीब 252 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। यह तकरीबन 1.82 एकड़ में फैला है। इसमें कुल 6 फ्लोर हैं और इसे पूरा बनाने में 15 साल का समय लगा है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार नए मुख्यालय में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई समेत पार्टी के सभी विंग और शाखाओं को जगह दी जाएगी। शुरुआत में पुराने कार्यालय से प्रशासन, लेखा और कुछ अन्य प्रकोष्ठ स्थानांतरित किए जाएंगे। जिसके बाद धीरे-धीरे पूरा दफ्तर नई जगह आ जाएगा।

‘इंदिरा भवन’ की खासियत

‘इंदिरा भवन’ को पार्टी और उसके नेताओं की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, जिसमें प्रशासनिक, संगठनात्मक और रणनीतिक कार्यों में सहयोग करने के लिए आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। कांग्रेस के इस नए मुख्यालय का काम पिछले कई वर्षों से जारी था। कांग्रेस ’24, अकबर रोड’ को फिलहाल खाली नहीं करेगी, जो 1978 में कांग्रेस (आई) के गठन के बाद से इसका मुख्यालय था।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular