Thursday, February 12, 2026
Homeहरियाणाकांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा बोले- प्रदेश मे गुंडों के हौंसले...

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा बोले- प्रदेश मे गुंडों के हौंसले बुलंद, प्रतिदिन हो रही हैं हत्या व लूट की घटनाएं

कुरुक्षेत्र : थानेसर विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा ने गत रात्रि शाहबाद में शराब ठेकेदार की गुंडों द्वारा सरेआम गोली मारकर हत्या किए जाने पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था का दीवाला पिट चुका है। प्रतिदिन प्रदेश में लूट, हत्या, चोरी, डकैती, छीना-झपटी होना आम बात हो गई है।

अरोड़ा अपने निवास स्थान पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ मनु जैन तथा कांग्रेस नेता सौरभ गर्ग भी मौजूद रहे।

विधायक अरोड़ा ने कहा कि आज प्रदेश में व्यापारियों से फिरौती मांगी जा रही है। आईलेट्स सैंटरों पर गोलियां दागी जा रही है। गुंडो के हौंसले बुलंद है, जो व्यापारी फिरौती नहीं देता उसकी हत्या कर दी जाती है। जिस पुलिस को लोगों की सुरक्षा करनी चाहिए वह वीआईपी सुरक्षा में लगी रहती है। सरकार उत्सव मनाने में लगी हुई है, जनता परेशान है। उत्सव मनाने में निर्धारित रूट से हटाकर सरकारी बसों का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे जनता को भारी परेशानी होती है।

अरोड़ा ने प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार को उत्सव मनाने की बजाय प्रदेश की बिगड़ी कानून व्यवस्था की ओर विशेष ध्यान देना चाहिए। जनता के जान-माल की रक्षा करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था के कारण कोई भी निवेशक हरियाणा में निवेश करने नहीं आ रहा है। जिससे पहले से बढ़ रही बेरोजगारी और अधिक बढ़ेगी। सरकार को इस ओर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।

बिगडती कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होने कहा कि प्रदेश मे कानून व्यवस्था का यह हाल है कि यमुनानगर में गुंडों के डर के मारे लगभग 90 प्रतिशत शराब के ठेकों की नीलामी के लिए कोई आगे नहीं आया। जिससे सरकार को भारी राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

RELATED NEWS

Most Popular