रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि स्थानीय सर छोटूराम स्टेडियम में कुश्ती खेल (लड़कियां) की आवासीय खेल अकादमी संचालित की जा रही है। इस अकादमी में 12 से 19 वर्ष आयुवर्ग की बालिका खिलाड़ियाें का चयन ट्रायल के आधार पर किया जाएगा, जिसके लिए 25 फरवरी को प्रात: 9 बजे सर छोटूराम स्टेडियम में ट्रायल लिए जाएंगे।
सचिन गुप्ता ने बताया कि कुश्ती (लड़कियां) आवासीय खेल अकादमी में मान्यता प्राप्त अंतर्राष्ट्रीय/राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक अथवा प्रतिभागिता करने वाली तथा राज्य एवं जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाली खिलाडिय़ों का चयन किया जाएगा। उन्होंने इच्छुक बालिका खिलाडिय़ों का आह्वïान किया है कि वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर ट्रायल में भाग लें। खिलाड़ी अपने साथ निर्धारित दस्तावेज अनिवार्य रूप से लेकर आएं। इन दस्तावेजों में जन्म प्रमाण पत्र की मूल प्रति एवं फोटोप्रति, आधार कार्ड की मूल प्रति एवं फोटोप्रति, रिहायशी प्रमाण पत्र की मूल प्रति एवं फोटोप्रति, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा संबंधित शैक्षणिक संस्था का मूल प्रमाण पत्र अथवा एडमिशन/विदड्रॉल की सत्यापित फोटोप्रति शामिल है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि मान्यता प्राप्त अंतर्राष्ट्रीय/राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक अथवा प्रतिभागिता तथा राज्य/जिला स्तर पर पदक प्राप्त करने वाली खिलाडिय़ों का चयन आवासीय अकादमी में किया जाएगा। चयन/ट्रायल प्रक्रिया में भाग लेने वाली खिलाड़ी का खेल किट में होना अनिवार्य है। एक भार कैटेगरी में दो से अधिक खिलाड़ियों का चयन नहीं किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी को आवासीय अकादमी में रहना अनिवार्य होगा। रहने एवं खाने की व्यवस्था विभाग द्वारा की जाएगी। अकादमी से स्कूल आने-जाने का खर्च खिलाड़ी को स्वयं वहन करना होगा।
सचिन गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला खेल अधिकारी के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा कुश्ती प्रशिक्षक मन्दीप के मोबाइल नंबर 7988082130 पर भी संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और यह अकादमी बालिका खिलाडिय़ों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण एवं बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

