Wednesday, September 9, 2026
Homeहरियाणारोहतकनियम ताक पर! डॉक्टर की पर्ची के बिना दवाओं की बिक्री, मेडिकल...

नियम ताक पर! डॉक्टर की पर्ची के बिना दवाओं की बिक्री, मेडिकल स्टोरों से युवाओं तक पहुंच रहा नशा…

कविता.रोहतक : शहर में मेडिकल स्टोरों पर ऐसी दवाओं की बिक्री का मामला सामने आया है, जिनका इस्तेमाल कुछ लोग नशे के लिए कर रहे हैं। इन दवाओं को डॉक्टर की सलाह और प्रिस्क्रिप्शन के बिना बेचा नहीं जा सकता, इसके बावजूद कुछ मेडिकल स्टोर संचालक नियमों को ताक पर रखकर इनकी बिक्री कर रहे हैं। दो दिन पहले जिला औषधि नियंत्रक (डीसीओ) की टीम द्वारा की गई छापेमारी में ऐसी दवाओं की बिक्री का खुलासा हुआ है। कार्रवाई के बाद मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

डॉक्टर की पर्ची जरूरी, फिर भी धड़ल्ले से बिक्री

जिन दवाओं का इस्तेमाल नशे के लिए किया जा रहा है, वे सामान्य दवाएं नहीं हैं। इनकी बिक्री के लिए डॉक्टर का प्रिस्क्रिप्शन जरूरी होता है। नियमों के मुताबिक मेडिकल स्टोर संचालक बिना वैध पर्ची के ऐसी दवाएं किसी व्यक्ति को नहीं बेच सकता। इसके बावजूद शहर में कुछ दुकानों पर इन दवाओं की बिक्री की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। नशे के आदी लोग मेडिकल स्टोरों से दवाएं हासिल कर उनका गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।

छापेमारी हुई तो सामने आया सच

जिला औषधि नियंत्रक कार्यालय की टीम ने दो दिन पहले मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। टीम ने दवाओं के स्टॉक, बिक्री रिकॉर्ड और प्रिस्क्रिप्शन की जांच की। इसी दौरान ऐसी दवाएं भी सामने आईं, जिनके बारे में आशंका है कि उनका इस्तेमाल नशे के लिए किया जा रहा है। जांच के दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस कार्रवाई से यह सवाल भी खड़ा हो गया है कि अगर विभाग की टीम ने छापेमारी नहीं की होती तो इन दवाओं की बिक्री कितने समय तक जारी रहती।

युवाओं को बना रही नशे का शिकार

नशे के लिए दवाओं का इस्तेमाल चिंता का बड़ा कारण है। कुछ युवा नशीले पदार्थों की जगह ऐसी दवाओं का सेवन करने लगते हैं, जो उन्हें आसानी से मेडिकल स्टोर से मिल जाती हैं। शुरुआत में दवा के सेवन को सामान्य मानने वाले युवा धीरे-धीरे इसके आदी हो सकते हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि ऐसी दवाएं बिना डॉक्टर की सलाह के इस्तेमाल करने पर स्वास्थ्य के लिए गंभीर नुकसान का कारण भी बन सकती हैं। इसलिए मेडिकल स्टोरों पर इनकी बिक्री की निगरानी बेहद जरूरी है।

  डीसीओ बोले- नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

जिला औषधि नियंत्रक रोहतक डॉ. मनदीप मान ने कहा कि डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के बिना ऐसी दवाओं की बिक्री की अनुमति नहीं है। विभाग की टीम लगातार मेडिकल स्टोरों की जांच कर रही है। हाल ही में की गई छापेमारी में भी दवाओं की बिक्री और रिकॉर्ड की जांच की गई है। जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना वैध प्रिस्क्रिप्शन के ऐसी दवाएं किसी को न दी जाएं।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular