Tuesday, September 30, 2025
Homeदेशरोहतक में चौ. देवीलाल की जयंती पर रैली : अभय चौटाला बाेले-...

रोहतक में चौ. देवीलाल की जयंती पर रैली : अभय चौटाला बाेले- 2029 में भाजपा को सत्ता से करेंगे बाहर और कांग्रेस की…

रोहतक : इंडियन नैशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने रोहतक रैली में पूर्व उपप्रधानमंत्री चौ. देवीलाल को अपने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए भाजपा एवं कांग्रेस पर सवालों की झड़ी लगा दी।

भाजपा व कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि 2029 में भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे और कांग्रेस की रांद काटके किसान-कमेरे की सरकार लाएंगे। अभय चौटाला की अध्यक्षता में रोहतक की अनाजमंडी में आयोजित सम्मान दिवस रैली में उमड़ी भीड़ का जोश एवं उत्साह देखने लायक था। रोहतक की रैली में मनजीत कन्हेली ने चौ. अभय सिंह चौटाला को मुकूट एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया। इस दौरान प्रदीप गिल अपने सैकड़ों साथियों के साथ इनैलो में शामिल हुए।

मेवात और बृज खाप से पहुंचे उत्साहित समर्थकों ने अभय सिंह चौटाला को 331 मीटर लंबी पगड़ी पहनाई। रैली में मंच संचालन जिला परिषद सिरसा के चेयरमैन कर्ण चौटाला एवं पार्टी के कानूनी प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष जसबीर ढिल्लो ने संयुक्त रूप से किया। रोहतक में चौ. देवीलाल की 112वीं जयंती पर आयोजित रैली में चौ. अभय सिंह चौटाला, पूर्व वित्त मंत्री व कांग्रेस नेता प्रो. संपत्त सिंह, जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी, पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, तेलांगना से पूर्व लोकसभा सदस्य के. कविता, भादरा के पूर्व विधायक बलवान पूनिया, रेवाड़ी के पूर्व विधायक रघु यादव, कांता चौटाला, सुनैना चौटाला, विधायक आदित्य देवीलाल, अर्जुन चौटाला एवं लंदन से राहुल अहलावत भी पहुंचे।

रैली में इनैलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती, शेर सिंह बड़शामी, पूर्व पुलिस महानिदेशक एम.एस. मलिक, राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद सिंह लोहान, रोहतक इकाई के जिलाध्यक्ष डा. नफे सिंह लाहली, पार्टी की महिला विंग की प्रदेशाध्यक्ष तनुजा, धर्मपाल मकड़ौली, सुचित्रा सिंह सहित अनेक लोग मौजूद थे।

रैली में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि उन्हें याद है 1985 में राजीव-लौंगोवाल समझौता हुआ। चंडीगढ़ राजधानी को पंजाब को देने पर सहमति बनी। चौ. देवीलाल ने इस समझौते के खिलाफ बिगुल बजा दिया और समझौते को नामंजूर कर दिया। चौ. देवीलाल ने न्याय युद्ध शुरू किया। हिसार से जब पैदल निकले। लोग उनसे जुड़ते चले गए और 1987 के चुनाव में जनता ने कांग्रेस का सुपड़ा साफ कर दिया। आज देश में भाजपा सरकार जनता के ऊपर मनमाने कानून थोप रही है। अभी कुछ समय पहले जनतंत्र को खत्म करने के मकसद से केंद्र सरकार लोकसभा में एक बिल लेकर आई। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि वे लगातार जनता के बीच जा रहे हैं। परिवर्तन पदयात्रा निकाली और 2 हजार से अधिक गांवों में गए। लोग मौजूद सरकार से पूरी तरह से आहत हैं। 2019 में जनता ने सरकार के खिलाफ वोट किया और भाजपा को 40 सीटों पर जीत मिली। जो लोग चौ. देवीलाल के नाम की माला जपते थे और चुनाव में यमुना पार का नारा देते थे। ऐसे लोगों ने जनता के साथ धोखा किया और भाजपा की सरकार बनवाई। सरकार का हिस्सा बने और फिर शराब घोटाला, रजिस्ट्री घोटाला व धान घोटाला किया और लगातार 5 साल तक जनता को लूटा।

आज जजपा का नाम लेने वाला कोई नहीं रहा : चौटाला

इनैलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आज जजपा का नाम लेने वाला कोई नहीं रहा है। अब भाजपा की तीसरी बार जो भाजपा की सरकार बनी है, इसके पीछे पिता-पुत्र भूपेंद्र सिंह हुड्डा व दीपेंद्र हुड्डा जिम्मेदार है। जैसे जनता ने पिछले विधानसभा चुनाव में जजपा का सुपड़ा साफ किया, उम्मीद है आने वाले समय में जनता कांग्रेस को भी सबक सिखाएगी। अभय सिंह ने कहा कि कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी की बी. टीम के रूप में काम कर रही है। 2029 में जब चुनाव होगा तो जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी और कांग्रेस को भी करारा सबक सिखाएगी। चौ. देवीलाल की जब जनता दल की सरकार थी तो जनता का राज था। यह उनकी दूरदर्शी सोच थी कि बुजुर्गों के लिए 100 रुपए पैंशन लागू की। हम जब 2029 में सत्ता में आएंगे तो पैंशन को 3 हजार रुपए से बढ़ाकर दोगुणा कर देंगे और किसानों को फ्री बिजली देंगे। पहली कलम से ही तीन फैसले लेंगे। बेरोजगारी को खत्म कर युवाओं को रोजगार देंगे। भ्रष्टाचार को जड़मूल से खत्म करेंगे। आज प्रदेश में अपराध का बोलबाला है। फिरौतियां मांगी जाती हैं। सरेराह हत्या की वारदातें हो रही हैं। इनैलो में शामिल हुए हजारों लोगों का अभिवादन व स्वागत करते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जनता इस सरकार से निजात चाहती है।

पूर्व वित्त मंत्री प्रो. संपत्त सिंह ने अभय सिंह चौटाला को जुझारु एवं संघर्षशील व्यक्ति बताते हुए कहा कि पहली बार चौ. ओमप्रकाश चौटाला के नेतृत्व में इंडियन नैशनल लोकदल का गठन किया और आज बेशक चौटाला साहब हमारे बीच में नहीं हैं, लेकिन इनैलो का नेतृत्व चौ. अभय सिंह चौटाला बखूबी कर रहे हैं।

पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने अभय चौटाला को बताया चौ. देवीलाल का सच्चा वारिस

पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने चौ. अभय सिंह चौटाला को अपना भाई बताते हुए कहा कि चौ. अभय सिंह चौटाला ही चौ. देवीलाल के सच्चे वारिस हैं। उन्होंने कहा कि देश को आजाद हुए करीब 80 साल हो गए। इस लंबी अवधि में गांव तरक्की नहीं कर सके हैं। यह सरकारों की सोच की वजह से है। राष्ट्रीय दलों के दिलों में किसान एवं गरीब के प्रति कोई स्नेह नहीं है। भाजपा एवं कांग्रेस जैसे दल गरीब एवं किसानों के बारे में कभी नहीं सोचते। उनका लक्ष्य राज करना है न कि सेवा करना। ऐसे दल धर्म एवं जात-पात की सियासत करते हैं। केंद्र सरकार ने किसानों से सलाह किए बिना तीन कृषि कानून बनाए। यह किसानों की हिम्मत है, जो उन्होंने इन काले कानूनों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय दल के फर्क पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्षेत्रीय दल हमेशा प्रदेश के हितों की बात को प्रभावी ढंग से उठाते हैं। देश में तीन बड़े किसान नेता पैदा हुए चौ. देवीलाल, चौ. चरण सिंह एवं स. प्रकाश सिंह बादल, जिन्होंने किसान व गरीब के हक के लिए ताउम्र लड़ाई लड़ी। आज के दल पूंजीपतियों को कर्ज माफ करते हैं, लेकिन किसान व गरीब का नहीं है। सुखबीर ङ्क्षसह बादल ने कहा कि चौ. देवीलाल उन्हें बच्चों की तरह से समझते थे और वे किसान व गरीब के दर्द को अच्छे से समझते थे।

सुखबीर बादल ने हरियाणा की आवाम से आह्वान किया कि क्षेत्रीय दल को सत्ता में वापस लाओ। बाढ़ की वजह से आज आधा पंजाब तबाह हो गया। न केंद्र सरकार ने साथ दिया और न ही प्रदेश सरकार ने। इस मुसीबत में बाढ़ पीडि़तों का सहारा बना तो क्षेत्रीय दल शिरोमणि अकाली दल।

RELATED NEWS

Most Popular