रोहतक पुलिस की सीआईए-2 स्टाफ की टीम ने नाबालिग युवक सहित दो युवकों को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। युवकों से 4 देसी पिस्तौल व 13 रौंद बरामद हुआ है। आरोपी दो युवकों की हत्या करने व एक जगह फॉयरिंग करने की फिराक मे घूम रहे थे। आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग अंकित कर कार्यवाही की गई है। आरोपी राहुल को आज पेश अदालत किया जाएगा। नाबालिग युवक को पुलिस अभिरक्षा में लेकर बाल न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह भेजा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह भौरिया ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुये बताया कि अपराधियों की धरपकड़ व अपराध की रोकथाम के लिए स.उप.नि. दिनेश व पीएसआई शिव के नेतृत्व मे सीआईए-2 स्टाफ की टीम आईएमटी एरिया में पार्शवनाथ सिटी के पास गश्त में मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो युवक अवैध हथियार लिए हुए हैं जो गांव बलियाणा की तरफ से सोनीपत रोड की तरफ आएंगे। सूचना के आधार पर तुंरत कार्रवाई करते हुए हुए सोनीपत रोहतक रोड बलियाणा मोड पर पहुंचकर नाकाबंदी शुरू की। गांव बलियाणा की तरफ से आ रहे दो युवकों को शक के आधार पर काबू किया गया। एक युवक की पहचान राहुल पुत्र राकेश निवासी गांव समचाना व एक युवक की नाबालिग के रुप में हुई। नियमानुसार तलाशी लेने पर राहुल के पास पिठ्ठू बैग से तीन देसी पिस्तौल व 11 रौंद बरामद हुए। नाबालिग युवक के पास से एक देसी पिस्तौल 02 रौंद बरामद हुये। आरोपियो के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत थाना आईएमटी में अभियोग अंकित कर गिरफ्तार किया गया है। आरोपियो से बरामद हुए हथियारों के स्रोत का पता लगाने के लिए आरोपी राहुल को अदालत से पुलिस रिमांड पर हासिल किया जाएगा।
जांच मे सामने आया कि आरोपी युवक किसी दो युवकों की हत्या करने की वारदात को अंजाम देने की फिराक मे घूम रहे थे। इसके अलावा आरोपी किसी स्थान पर फॉयरिंग कर दहशत फैलाने की भी फिराक में थे। जिस दौरान युवकों को सीआईए-2 स्टाफ की टीम द्वारा काबू कर लिया गया।

