Thursday, February 12, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में महिलाओं को दिया जाएगा चालक व आत्मरक्षा का प्रशिक्षण, 28...

रोहतक में महिलाओं को दिया जाएगा चालक व आत्मरक्षा का प्रशिक्षण, 28 फरवरी तक करें आवेदन

रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि हरियाणा महिला विकास निगम पंचकुला द्वारा गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली 18 से 45 वर्ष की लड़कियों व महिलाओं को बहादुरगढ़ तथा रोहतक में स्थित मारुति सुजुकी ट्रेनिंग सेंटर में 21 दिन का चालक प्रशिक्षण और आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इच्छुक पात्र लड़कियां व महिलाएं 28 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकती है।

सचिन गुप्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाली महिलाओं व लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम चलाया गया है। हरियाणा महिला विकास निगम के माध्यम से पात्र परिवारों की महिलाओं को चालक व आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षणार्थी को 1000 रुपये का वजीफा भी दिया जाएगा।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि चालक व आत्मरक्षा प्रशिक्षण लेने की इच्छुक महिलाएं 28 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन व ऑफलाइन आवेदन कर सकती हंै। आवेदन का प्रोफार्मा हरियाणा महिला विकास निगम के कार्यालय में उपलब्ध है। आवेदन के साथ वांछित प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियां पंजीकृत डाक, दस्ती तौर तथा ईमेल [email protected] के माध्यम से स्थानीय कार्यालय में आमंत्रित किए जाते है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार्य नहीं होंगे। इच्छुक पात्र आवेदक द्वारा दूरभाष नंबर, ईमेल एड्रेस तथा सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।

पात्रता शर्तें…

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि हरियाणा महिला विकास निगम द्वारा दिलवाये जा रहे चालक व आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए केवल गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार या एक लाख 80 रुपए से कम वार्षिक आय वाले परिवारों की लड़कियों व महिलाएं पात्र होंगी। पात्रता शर्तों के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवेदन करने वाली महिला व लडक़ी हरियाणा राज्य की मूल निवासी हो तथा उसकी आयु 18 से 45 वर्ष के बीच और शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास होनी चाहिए। इसमें शैक्षणिक योग्यता को वरीयता दी जाएगी। इसके अलावा आवेदक की अच्छी दृष्टि हो तथा दृष्टिहीनता न हो। आवेदक के पास वैध लर्नर लाइसेंस भी होना चाहिए। इस संदर्भ में अधिक जानकारी के लिए सभी कार्य दिवसों को स्थानीय जिला विकास भवन स्थित कमरा संख्या 224-225 में हरियाणा महिला विकास निगम के जिला प्रबंधक के कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से या कार्यालय के दूरभाष संख्या 01262-250164 पर संपर्क कर सकते है।

RELATED NEWS

Most Popular