Tuesday, March 17, 2026
Homeहरियाणारोहतकविभाग की कमी से सड़क दुर्घटना में जनहानि होने की स्थिति में...

विभाग की कमी से सड़क दुर्घटना में जनहानि होने की स्थिति में संबंधित अधिकारी पर होगी एफआईआर

रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला में सड़क सुरक्षा को लेकर एक निर्णायक कदम उठाते हुए जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए समयबद्ध, जवाबदेही आधारित और परिणाम केंद्रित कार्ययोजना तैयार की गई। इस बैठक में सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई।

सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने सडक़ स्वामित्व एजेंसियों के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे बेहतर तालमेल के साथ कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध करें ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जानमाल की हानि को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित विभाग की कमी की वजह से सडक़ दुर्घटना में किसी नागरिक को जान गंवानी पड़ी तो संबंधित अधिकारी के विरुद्घ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सड़क सुरक्षा से संबंधित सभी कार्यों को गंभीरता और प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाएं तथा सभी लंबित एजेंडा बिंदुओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन नागरिकों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शहर में लगाये गए सीसीटीवी कैमरों को फंक्शनल करवाएं ताकि सही तरीके से निगरानी की जा सके। उन्होंने सड़क स्वामित्व एजेंसियों को निर्देश दिए कि भविष्य में 20 फुट से चौड़ी सभी सड़कों के निर्माण के दौरान पैडस्ट्रियन एवं स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेन का निर्माण अवश्य किया जाये। शहर की सड़कों के किनारे भी पैडस्ट्रियन की व्यवस्था करवाई जाए।

सचिन गुप्ता ने कहा कि विभाग मदीना मोड तथा महम निकास स्थलों पर फ्लाईऑवर निर्माण के प्रस्ताव तैयार करें ताकि इन स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को सख्त निर्देश देेते हुए कहा कि तिरंगा ढाबा द्वारा महम बाईपास पर बनाये गए अवैध कट को तुरंत बंद करें और यदि दोबारा यह कट खोला जाये तो एफआईआर दर्ज करवाई जाये। उन्होंने कहा कि जिला नगर योजनाकार के माध्यम से इस ढाबा की एनओसी भी चैक करवाई जाये। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार संबंधित सडक़ स्वामित्व एजेंसी द्वारा 5 किलोमीटर सडक़ को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने के कार्य को निर्धारित समय में पूरा किया जाये। उन्होंने कहा कि यह केवल शुरूआत है, हमें सभी सडक़ों पर मॉडल इंफ्रास्टै्रक्चर विकसित करना है।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला में सडक़ सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिला में चिन्हित किए गए दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल प्रभाव से आवश्यक सुधारात्मक कदम उठायें। इन स्थानों पर सडक़ संकेतक, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा सडक़ की मरम्मत जैसे कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं। उन्होंने नए एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सडक़ों को दुरुस्त करवाने, पेयजल पाइप लाइन की लिकेज को ठीक करवाने तथा सडक़ों के किनारे उगी प्राकृतिक घास व झाडिय़ों को साफ करवाने के निर्देश भी दिए।

सचिन गुप्ता ने राष्टï्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे चुलियाना मोड़ पर अवैध रूप से चलाये जा रहे बूथ इत्यादि को तुरंत हटवाये तथा सुरक्षा की दृष्टि से मिरर इत्यादि लगवाएं। उन्होंने लंबित एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय सुखपुरा चौक पर निर्माणाधीन फ्लाईऑवर के कार्य को शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश दिए ताकि नागरिकों को सुविधा मिले। उन्होंने रोहतक-पानीपत सडक़ पर नए जींद बाईपास के सर्विस रोड़ के मध्य खड़े पेड़ के संदर्भ में अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस पेड़ पर रिफलेक्टिव टेप लगवाये तथा यहा पर मिरर लगवाया जाये ताकि वाहन चालकों को आसानी से यह पेड़ दिखाई दे सके।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने फरवरी 2026 के दौरान हुई सडक़ दुर्घटनाओं की भी समीक्षा की। आंकड़ों के अनुसार फरवरी माह में जिला में कुल 24 वाहन सडक़ दुर्घटनाओं में शामिल रहे, जिनमें 16 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि 8 लोग घायल हुए। उपायुक्त ने इन घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का जीवन अमूल्य है। अधिकारी इस माह की प्रत्येक सडक़ दुर्घटना की गहन समीक्षा कर उनके कारणों का पता लगाये ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

उपायुक्त ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे यातायात नियमों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करवाये। शहर के सभी प्रवेश निकास मार्गों पर विशेष चैकिंग की जाये तथा यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले हर वाहन चालक का चालान किया जाये। सडक़ पर वाहन पार्किंग करने वाले चालकों के चालान किए जाये। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि हिट एंड रन के मामलों की भी विशेष निगरानी की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही ऐसे मामलों में पीडि़तों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना भी प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उपायुक्त ने सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के क्रियान्वयन की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्टï निर्देश दिए कि वे स्कूल संचालकों को चैक लिस्ट भेजकर स्कूल बसों में सभी निर्धारित उपकरण व सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि संबंधित उपमंडलाधीश एक अप्रैल के बाद निर्धारित रूप से स्कूल बसों की जांच करें तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों की पालना न करने वाले वाहनों के चालान किए जाये। उन्होंने कहा कि जनवरी 2025 से जनवरी 2026 तक जिला में कुल 1503 स्कूल बसों की जांच की गई, जिनमें से नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 29 चालान किए गए।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि स्कूल बसों की नियमित रूप से जांच जारी रखी जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी बसों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, जीपीएस सिस्टम, स्पीड गवर्नर तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध हों। उन्होंने यह भी कहा कि बस चालकों को भी समय-समय पर सुरक्षित ड्राइविंग के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा सडक़ सुरक्षा से संबंधित लंबित एजेंडा बिंदुओं की भी समीक्षा की गई। सांपला के उपमंडलाधीश उत्सव आनंद, महम के उपमंडलाधीश विपिन कुमार तथा राष्ट्रीय राजमार्गों के उच्चाधिकारी वीडियो कॉन्फेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक से जुड़े।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतीक अग्रवाल, मंडल वन अधिकारी सुंदर लाल, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल सहित सभी सडक़ स्वामित्व एजेंसियों के अधिकारी व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED NEWS

Most Popular