रोहतक : शहर के प्रमुख चौराहों में शामिल सुखपुरा चौक पर फ्लाईओवर के नीचे से गुजरने वाली सड़क की हालत लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क जगह-जगह से टूटी पड़ी है। गड्ढों और उखड़ी सड़क के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को हर समय हादसे का डर बना रहता है।
दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा जोखिम में हैं। आए दिन लोग सड़क पर संतुलन बिगड़ने से गिरकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर कोई गंभीरता दिखाई नहीं दे रही। दिनभर इस रास्ते से हजारों वाहन गुजरते हैं। फ्लाईओवर के नीचे सड़क की बदहाल स्थिति न केवल यातायात को प्रभावित कर रही है, बल्कि वाहन चालकों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर रही है। लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद ही क्या संबंधित विभाग की नींद खुलेगी।
गड्ढों में हिचकोले खा रहे वाहन, हर पल हादसे का डर
सुखपुरा चौक फ्लाईओवर के नीचे सड़क की हालत इतनी खराब है कि वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ता है। कहीं सड़क उखड़ी हुई है तो कहीं गहरे गड्ढे बने हुए हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। अचानक गड्ढा सामने आने पर वाहन का संतुलन बिगड़ जाता है। कई बार चालक बचने के प्रयास में दूसरे वाहनों से टकराने की स्थिति में पहुंच जाते हैं। रात के समय सड़क की खराब स्थिति और ज्यादा खतरनाक हो जाती है।
आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की बदहाली के कारण आए दिन वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बाइक और स्कूटी सवारों को उठानी पड़ती है। गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालक अचानक कट मारते हैं, जिससे पीछे से आने वाले वाहनों के साथ टक्कर का खतरा बढ़ जाता है। इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत में देरी किसी दिन बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
फ्लाईओवर बना, लेकिन नीचे की सड़क का बुरा हाल
सुखपुरा चौक पर फ्लाईओवर बनने से यातायात को सुचारु करने की उम्मीद जगी थी, लेकिन इसके नीचे की सड़क की स्थिति इस उम्मीद पर सवाल खड़े कर रही है। फ्लाईओवर के नीचे से शहर के अलग-अलग हिस्सों की ओर जाने वाले वाहन गुजरते हैं। यह मार्ग व्यस्त होने के बावजूद सड़क की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। लोगों का सवाल है कि जब रोजाना अधिकारी और जिम्मेदार विभागों के कर्मचारी भी इस रास्ते से गुजरते हैं तो उन्हें सड़क की बदहाली क्यों दिखाई नहीं देती?
बड़े हादसे का इंतजार कर रहे जिम्मेदार
सड़क की खराब हालत को लेकर लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए। संबंधित विभाग को मौके का निरीक्षण कर गड्ढों को भरवाने और सड़क को दुरुस्त करवाने की जरूरत है। फिलहाल वाहन चालक जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं। सवाल यह है कि जिम्मेदार विभाग लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सड़क की सुध कब लेगा।

