रोहतक : माता दरवाजा स्थित संकट मोचन मंदिर में ब्रह्मलीन गुरुमां गायत्री के सानिध्य में सावन माह के अंतिम सोमवार को साध्वी मानेश्वरी देवी व शिवभक्तों ने भजन-कीर्तन के साथ शिवलिंग पर भोलेनाथ का जलाभिषेक व रुद्राभिषेक कर परिवार के सुख समृद्धि की मंगल कामनाएं की।
शिव भक्तों ने शिवलिंग पर भांग, गंगा जल, धतूरे, बेलपत्र, पुष्प, दूध, जल आदि से भगवान शिव का अभिषेक किया और मनोकामनाएं मांगी। शिव भजनों पर शिव भक्त नाचने झूमने पर विवश हुए। शिवालय में हर-हर महादेव, बम-बम भोले और ॐ नमोः शिवाय, भोले तेरी बम-बम बम भोले के जयकारे मंदिर में गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने शिव जी का पंचाक्षर मंत्र ओम नम: शिवाय का जाप किया।

भगवान शिव के जाप से रोगी भी निरोगी हो जाता है: साध्वी मानेश्वरी देवी
साध्वी मानेश्वरी देवी ने शिव पुराण कथा ओम नम: शिवाय और हर हर महादेव के जाप के साथ भक्तिभाव और श्रद्धा से आरंभ की। उन्होंने कहा कि कर्म तो भोगना ही पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मनुष्य को दो कारणों से मानव शरीर की प्राप्ति होती है । या तो हम भगवान भोलेनाथ के हो जाएं और या फिर भगवान भोलेनाथ हमारे हो जाएं। उन्होंने कहा कि यदि हमारे शरीर में अगर कोई रोग आ गया है तो श्री शिवाय नमस्तुभ्यम का जाप करो। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के इस जाप में इतनी शक्ति है कि मनुष्य रोगी से निरोगी हो जाता है। भगवान शिव इतने दयालु हैं कि वे सदैव अपने भक्त के साथ रहते हैं और सदैव अपने भक्त की हर समस्या का समाधान करते हैं।