स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 69वें राष्ट्रीय विद्यालय खेलों के अंतर्गत अंडर-17 लड़कियों की बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए 6 व 7 अप्रैल को नॉर्थ स्टार बैडमिंटन अकादमी, ग्रेटर फरीदाबाद में हरियाणा राज्य की अंतिम चयन ट्रायल आयोजित की गई।
मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉक्टर जनक राज ने बताया कि ट्रायल्स में रोहतक जिले की दो होनहार खिलाड़ी खुशी गहलावत एवं अक्षिता धनखड़ का हरियाणा बैडमिंटन टीम में फाइनल चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी एम.आर. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भैंसरू खुर्द की दसवीं कक्षा की छात्राएं हैं और अपनी मेहनत व उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के बल पर इस उपलब्धि को हासिल किया है।
खुशी गहलावत ने वर्ष 2018 में बैडमिंटन खेलना प्रारंभ किया था, निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ वह कोच सतपाल मलिक एवं अमन कुमार के मार्गदर्शन में प्रतिदिन लगभग 6 घंटे कड़ी ट्रेनिंग कर रही हैं, वहीं अक्षिता धनखड़ भी नियमित अभ्यास और समर्पण के साथ अपने खेल को निखार रही हैं, दोनों खिलाड़ियों ने जिला एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
उल्लेखनीय है कि 16 से 22 अप्रैल 2026 तक त्यागराज स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 69वें राष्ट्रीय विद्यालय खेलों (अंडर-17 लड़कियों, बैडमिंटन) में ये दोनों खिलाड़ी हरियाणा राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी, इस प्रतियोगिता में देशभर के श्रेष्ठ खिलाड़ी अपने- अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला सहायक शिक्षा अधिकारी (खेल) संजय मलिक ने जानकारी देते हुए बताया कि यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों बल्कि जिले के लिए भी गर्व का विषय है, उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है और इस प्रकार की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करती हैं।
खिलाड़ियों के हरियाणा टीम में चयन पर जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, जिला सहायक शिक्षा अधिकारी (खेल) संजय मलिक, जिला सहायक मौलिक शिक्षा अधिकारी (खेल), शारीरिक शिक्षक संघ के प्रधान विकास डीपीई, डॉ. जनक राज, डीपीई अरुण सांगवान, सुजीत कुमार सहित समस्त शारीरिक शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

