रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा जिला के नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्रों में अवैध रूप से किए जा रहे निर्माणों/कालोनियों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत गांव बोहर में 1.25 एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में कच्चा रोड़ नेटवर्क तथा सनसिटी सेक्टर-35 में प्लॉट संख्या सी-32 के पीछे एक अवैध निर्माण को तोड़ा गया।
सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला में अवैध निर्माण/कॉलोनी के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे अपने जीवन की जमा पूंजी को अवैध निर्माण या कॉलोनी में निवेश न करें। जिला प्रशासन द्वारा अवैध निर्माण व कॉलोनी के विरुद्ध नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है। इस तोड़-फोड़ अभियान में जिला नगर योजनाकार कार्यालय के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने व किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तोड़ फोड़ अमले के साथ मौजूद रहा।

जिला नगर योजनाकार सुमनदीप ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने जीवन की पूंजी अवैध निर्माणों या डीलर/भू-मालिकों द्वारा काटी जा रही अवैध कालोनियों में निवेश न करें क्योकि इस तरह की विभागीय कार्यवाही समय-समय पर प्रशासन द्वारा अमल में लाई जायेगी। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपनी पूंजी को निवेश करने से पहले स्थानीय सेक्टर-1 स्थित उनके कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में आकर पूछताछ कर सकते है।

