Rohtak News : नगर निगम रोहतक द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने तथा वार्ड स्तर पर स्वच्छ प्रतिस्पर्धा विकसित करने के उद्देश्य से स्वच्छ वार्ड रैंकिंग का आयोजन किया गया।
इस रैंकिंग में वार्ड-6 ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वार्ड-16 द्वितीय स्थान पर रहा तथा वार्ड-8 एवं वार्ड-20 ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। इस कार्य के लिए निगम अधिकारियों ने वार्ड वाइज सर्वे किया तथा उसके पश्चात ही परिणाम घोषित किया गया।
मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने बताया कि यह स्वच्छ वार्ड रैंकिंग विभिन्न महत्वपूर्ण स्वच्छता मानकों के आधार पर तैयार की गई, जिनमें डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग देना, मैनुअल एवं मैकेनिकल स्वीपिंग, नालियों एवं नालों की सफाई, जी.वी.पी./कूड़े के ढेरों का नियंत्रण, सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की सफाई, पार्कों की साफ-सफाई, स्वच्छता ऐप एवं अन्य माध्यम से प्राप्त सफाई कार्य से सम्बन्धित शिकायतों का त्वरित निवारण तथा सामुदायिक भागीदारी जैसे बिंदुओं पर किए गए कार्यों का गहन मूल्यांकन किया गया। वार्ड-6 में कचरा संग्रहण, सेग्रीगेशन एवं नागरिक सहभागिता विशेष रूप से प्रभावी रही, जिसके चलते उसे प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वार्ड-16 ने भी सफाई व्यवस्था एवं शिकायत निवारण में बेहतर प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं वार्ड-8 एवं वार्ड-20 ने भी सभी मानकों पर संतोषजनक कार्य करते हुए संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं नगर निगम आयुक्त डा. आनंद कुमार शर्मा ने सभी विजेता वार्डों के सदस्यों, सफाई कर्मचारियों एवं नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने अन्य वार्डों को भी इनसे प्रेरणा लेकर स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का आह्वान किया, ताकि पूरे शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सके। नगर निगम द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की रैंकिंग जारी रखी जाएगी, जिससे स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं प्रतिस्पर्धा बनी रहे।
नागरिकों से अपील की कि वे गीला एवं सूखा कूड़ा अलग-अलग दें, कूड़ा इधर-उधर न डालें तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि रोहतक को स्वच्छता में अग्रणी शहर बनाया जा सके। सफाई कार्य की शिकायत बारे – यदि किसी घर/दुकान/संस्थान से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा तो शिकायत 7303050200 व 7303050800 व सफाई कार्य न होने पर 18001805007, 8295900992 नम्बरो पर दर्ज करवाएं, तुरंत समाधान किया जाएगा।

