Tuesday, February 10, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक जेल में बंदियों को लघु अवधि के व्यावसायिक कोर्स करवाए जाएंगे

रोहतक जेल में बंदियों को लघु अवधि के व्यावसायिक कोर्स करवाए जाएंगे

रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला कारागार के बंदियों को स्वरोजगार के लिए लघु अवधि के व्यावसायिक कोर्स करवाये जायें ताकि वे कारागार से बाहर आकर मुख्यधारा में शामिल हो सके। कारागार में सफाई अभियान भी चला कर उत्कृष्ट कार्य करने वाले बंदियों को सम्मानित किया जाये।

सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला कारागार में उपलब्ध सुविधाओं एवं आयोजित की जा रही गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने जिला कारागार में सुरक्षा प्रबंधों की भी जानकारी ली। सचिन गुप्ता ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों द्वारा कारागार में बंदियों को लघु अवधि के व्यावसायिक कोर्स करवाये जाये ताकि वे जेल से बाहर आकर स्वरोजगार अपनाकर मुख्यधारा में शामिल हो सके। हर वर्ष जिला कारागार के बंदियों द्वारा बनाये गए उत्पादों को सूरजकुंड हस्तशिल्प मेला में बिक्री के लिए भेजा जाता है। एक जेल-एक उत्पाद की दिशा में भी कार्य किया जाये तथा बंदियों द्वारा बनाये गए उत्पादों को ऑनलाइन बिक्री की भी संभावनाएं तलाशी जाये।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला कारागार में रखे गए बंदियों के आधार कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड पंजीकरण शिविर आयोजित किया जाये ताकि अब तक आधार कार्ड बनवाने से वंचित रहे बंदियों के आधार कार्ड बनवाये जा सके। उन्होंने कहा कि बंदियों की मनोचिकित्सक से काउंसलिंग भी करवाई जाये। संचारी रोगों से पीड़ित बंदियों को अन्य बंदियों से अलग रखा जाये तथा निर्धारित अवधि में बंदियों के स्वास्थ्य की जांच करवाई जाये। बंदियों को साक्षरता बनाने के लिए भी कार्रवाई की जाये। जिला में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उच्च श्रेणी की कानूनी सहायता प्रदान की जा रही है।

सचिन गुप्ता ने कहा कि कारागार में बंदियों की खेल योजना तैयार की जाये। कारागार में बंदियों के वॉलीबॉल, फुटबॉल इत्यादि खेल करवाये जाये। पुस्तकालय में पुस्तके भी उपलब्ध हो। कारागार परिसर में सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी करवाया जाये। कारागार में सूर्य नमस्कार करवाया जा रहा है। उन्होंने कारागार में उपलब्ध सुविधाओं में अलार्म सिस्टम, पुस्तकालय, मैस, नियंत्रण कक्ष, अग्निशमन, शुद्ध पेयजल इत्यादि की समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में जेल अधीक्षक सत्यवान एवं उपाधीक्षक चरण सिंह मौजूद रहे।

RELATED NEWS

Most Popular