Saturday, March 28, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक जिला प्रशासन सख्त : पेट्रोल-डीजल और LPG पर अफवाह फैलाई तो...

रोहतक जिला प्रशासन सख्त : पेट्रोल-डीजल और LPG पर अफवाह फैलाई तो होगी कार्रवाई

रोहतक :  उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला में डीजल, पेट्रोल तथा रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से सुचारू बनी हुई है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकतानुसार ही खरीदारी करें।

उपायुक्त यह जानकारी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक के उपरांत जिला के अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए दे रहे थे।

सचिन गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार तेल व गैस एजेंसियों के साथ निरंतर संपर्क में है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिला में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आमजन को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इन आवश्यक वस्तुओं को लेकर अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

जिला में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए

उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, जहां नागरिक डीजल, पेट्रोल या रसोई गैस से संबंधित किसी भी जानकारी या समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 01262-245588 व 89501-27117 पर संपर्क कर सकते हैं। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी सुनिश्चित करें। साथ ही राज्य सरकार द्वारा भी निगरानी के लिए प्रशासनिक सचिवों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

जिलावासियों को आश्वस्त करते हुए उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे इन आवश्यक वस्तुओं की अनावश्यक खरीदारी या भंडारण न करें और प्रशासन का सहयोग करें।

अधिकारी जल्द से जल्द जारी करें एनओसी

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि भारत पैट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की पाइपलाइन नगर के विभिन्न क्षेत्रों में बिछाई जा रही है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कंपनी को जल्द से जल्द नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) जारी किए जाए ताकि पाइपलाइन बिछाने का कार्य जल्द से जल्द पूरा हो सके। इसके साथ ही उन्होंने कंपनी के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए की वह पाइप लाइन बिछाने से संबंधित अपना अग्रिम शेड्यूल जारी करें। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगपतियों का भी आह्वान किया कि वे अपने-अपने उद्योगों में पीएनजी का प्रयोग करें।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला में 35 गैस एजेंसियों के माध्यम से गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कालाबाजारी, जमाखोरी तथा गैस के अनाधिकृत प्रयोग को रोकने के लिए लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके तहत समय-समय पर छापामारी कर जांच-पड़ताल भी की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। शुक्रवार को जिला में 8310 गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध रहा, जबकि विभिन्न गैस एजेंसियों को 7271 गैस सिलेंडर प्राप्त हुए। इसी दिन एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को 7390 गैस सिलेंडरों की डिलीवरी की गई, जिससे मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित की गई।

उपभोक्ताओं से अपील : अनावश्यक रूप से सिलेंडरों का संग्रह न करें

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कहीं गैस आपूर्ति में कोई अनियमितता नजर आती है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि जिला में गैस की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है और उपभोक्ताओं तक सिलेंडर समय पर पहुंचाए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आवश्यकता अनुसार ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें और अनावश्यक रूप से सिलेंडरों का संग्रह न करें। उन्होंने कहा है कि शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार को 25 दिनों के अंतराल के बाद गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार को 45 दिनों के अंतराल पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है ताकि सभी उपभोक्ताओं को सुचारु रूप से गैस उपलब्ध करवाई जा सके।

रसोई गैस के प्रभावी प्रबंधन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि रसोई गैस के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में एलपीजी से संबंधित शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित करेंगे। रोहतक के सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अशोक कुमार (9416283975) को रोहतक व सांपला क्षेत्र का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। महम की सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी कुसुमलता (9518175506) को महम, कलानौर व लाखनमाजरा क्षेत्र का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

जिला स्तर के हेल्पलाइन नंबर 01262-269895 पर संपर्क करें

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने आमजन से आह्वान किया है कि यदि उन्हें एलपीजी गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की कोई शिकायत हो तो वे संबंधित नोडल अधिकारी या जिला स्तर के हेल्पलाइन नंबर 01262-269895 पर संपर्क करें। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि वे शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, महम के एसडीएम विपिन शर्मा, नगराधीश अंकित कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चन्द्र, डीएसपी रवि खूंडिया, जिला खादय एवं पूर्ति नियंत्रक मनीषा नेहरा, जिला खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी विनीत जैन, जिला शिक्षा अधिकारी मंजित मलिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दिलजीत सिंह आदि मौजूद थे।

RELATED NEWS

Most Popular