Tuesday, July 14, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक जिला प्रशासन ने प्रतिदिन 15 मिनट का रीडिंग चैलेंज किया शुरू

रोहतक जिला प्रशासन ने प्रतिदिन 15 मिनट का रीडिंग चैलेंज किया शुरू

रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, रोहतक जिला प्रशासन ने शैक्षणिक उत्कृष्टता और छात्रों के सर्वांगीण विकास को मजबूत करने के उद्देश्य से दो प्रमुख पहल शुरू की हैं। इन पहलों में सभी सरकारी प्राइमरी स्कूलों के लिए 15 मिनट का रीडिंग चैलेंज और प्रोजेक्ट विश्वास शामिल है। यह पहलें विद्यार्थियों में आत्मविश्वास पैदा करनेे, अपनी बात कहने में सक्षम और भविष्य के लिए उन्हें तैयार करने के लिए जिलाभर में शुरू की गई है।

सचिन गुप्ता स्थानीय कैंप कार्यालय में स्कूल शिक्षा विभाग और समग्र शिक्षा की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा के नतीजों को बेहतर बनाना नहीं है, बल्कि ऐसे पाठक, विचारक, बातचीत में कुशल लोग और ज़िम्मेदार नागरिक तैयार करना है जो लगातार बदलती दुनिया में सफल हो सकें।

उपायुक्त समीक्षा बैठक करते हुए।
उपायुक्त समीक्षा बैठक करते हुए।

उपायुक्त ने कहा कि हमारा विजन यह सुनिश्चित करना है कि रोहतक का हर बच्चा न केवल पढ़ना सीखे, बल्कि समझकर पढ़े, स्वतंत्र रूप से सोचे, आत्मविश्वास के साथ बातचीत करे और जीवन में सफल होने के लिए ज़रूरी कौशल विकसित करे। जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई हर नई पहल का उद्देश्य हमारे सरकारी स्कूलों को उत्कृष्टता का केंद्र बनाना है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को अपठित गद्यांश पढ़ने, उसका अर्थ समझने तथा प्रश्नों के उत्तर देने में समक्ष बनाने के लिए जिला के सभी प्राथमिक विद्यालयों में जीरो पीरियड के बाद प्रतिदिन 15 मिनट का लाइब्रेरी रीडिंग पीरियड प्रारम्भ किया गया है। इस नवाचार का उद्देश्य विद्यालयों में पुस्तकालय जैसा वातावरण सर्जित करना है तथा बच्चों की पढ़ाई व रूची को बढ़ाना है।

उपायुक्त ने कहा कि सीआरपी अर्थात कौशल समीक्षा कार्यक्रम के माध्यम से प्रत्येक विद्यार्थी की दक्षताओं का डिजिटल आकलन कर स्किल पासबुक तैयार की गई। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता, आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर, विद्यालयी आधारभूत सुविधाओं, नवाचारों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। निपुण हरियाणा मिशन के तहत एक से 3 कक्षाओं के विद्यार्थियों के विभिन्न कौशल में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज हुई है। विद्यार्थियों की ध्वनि जागरूकता, संज्ञानात्मक कौशल, अभिव्यक्ति कौशल, वर्गीकरण, अक्षर पहचान करना, कई शब्दों वाले वाक्य को मिलाकर पढ़ना, संख्या बोर्ड, कई वर्णो/ अक्षरों के शब्दों को पढ़ पाना, प्रवाह के साथ सरल पाठों को पढ़ पाना, संख्याओं का जोड़ व घटा इत्यादि कौशल में सराहनीय प्रगति हुई है।

सचिन गुप्ता ने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यार्थियों को जॉयफुल हॉलीडे होमवर्क उपलब्ध कराया गया, जिसमें गतिविधि आधारित अधिगम, कहानी लेखन, पुस्तक पठन, पारिवारिक सहभागिता, स्थानीय संस्कृति एवं पर्यावरण आधारित गतिविधियाँ शामिल थीं। इस पहल से विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता तथा अभिभावकों की विद्यालयी गतिविधियों में भागीदारी को बढ़ावा मिला।

उपायुक्त के नवाचार प्रोजेक्ट विश्वास 43 कलस्टरों में लागू

सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला की अभिनव पहल प्रोजेक्ट विश्वास की प्रगति प्रस्तुत की गई। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को आत्मविश्वासी, अभिव्यक्तिशील, दृढ़, उत्तरदायी, सहभागी एवं जीवन के लिए तैयार शिक्षार्थी बनाना है। परियोजना के तहत विद्यार्थियों की कक्षा में सहभागिता, संवाद आत्मविश्वास, सीखने में दृढ़ता, नेतृत्व एवं पहल, सामाजिक आत्मविश्वास एवं समावेशन तथा भविष्य एवं जीवन के प्रति आत्मविश्वास जैसे छह महत्वपूर्ण आयामों पर कार्य किया जा रहा है।

मदीना डाइट प्रोजेक्ट विश्वास को कर रही लागू

सचिन गुप्ता ने कहा कि मदीना स्थित डाइट द्वारा इस नवाचार प्रोजेक्ट विश्वास को लागू किया जा रहा है। पायलट चरण में जिला के 43 क्लस्टर रिसोर्स सेंटर से जुड़े सरकारी विद्यालयों को शामिल किया गया है। कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए यह तीन माह का पायलट कार्यक्रम है। स्कूल स्तर पर साप्ताहिक, खंड स्तर पर पाक्षिक तथा जिला स्तर पर मासिक समीक्षा की व्यवस्था की गई है। विद्यार्थियों का आकलन शिक्षक अवलोकन एवं गतिविधियों में सहभागिता के आधार पर किया जा रहा है।

अधिकारी मिड-डे-मील योजना के भोजन की करें जांच 

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि परियोजना लागू होने से कक्षा सहभागिता, प्रश्न पूछने की प्रवृत्ति, समूह गतिविधियों में भागीदारी तथा सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखने के आत्मविश्वास में सकारात्मक सुधार दर्ज किया गया। परियोजना के अंतर्गत दैनिक गतिविधियां, रोल प्ले, समूह चर्चा, प्रस्तुतीकरण, प्रेरक सत्र एवं सतत मूल्यांकन किया जा रहा है। पीएम पोषण योजना के तहत सभी अधिकारी मिड-डे-मील के भोजन की गुणवत्ता की जांच करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विभिन्न फिल्ड विजिट भी करवाई जाए।

सुपर-40 कार्यक्रम के प्रति विद्यार्थियों का बढ़ा रूझान

सचिन गुप्ता ने बैठक में गणित ओलंपियाड प्रशिक्षण, सुपर-40 आईआईटी-जेईई एवं नीट-2027 कार्यक्रम, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम तथा करियर काउंसलिंग की भी समीक्षा की। सुपर-40 कार्यक्रम में 60 से अधिक विद्यार्थियों ने नामांकन कराया है, जिन्हें विषय विशेषज्ञों द्वारा नियमित कोचिंग, टेस्ट सीरीज, मेंटरिंग एवं कैरियर मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने समग्र शिक्षा के अंतर्गत भारतीय भाषा समर कैंप-2026 के माध्यम से मातृभाषा एवं भारतीय भाषाओं के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की।

समग्र शिक्षा द्वारा विभिन्न विषयों पर आयोजित करवाई गई गतिविधियां 

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि इसके अतिरिक्त कौशल बिजनेस चैलेंज 3.0, पीएम श्री विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए समर एडवेंचर कैंप, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियाँ, एक पेड़ माँ के नाम अभियान, नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छ विद्यालय अभियान, स्कूल सुरक्षा गतिविधियाँ, योग एवं खेल गतिविधियां तथा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान विभाग द्वारा विभिन्न विषयों पर पोस्टर मेकिंग व पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई गई।

यह रहे उपस्थित

समीक्षा बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, डाइट की प्राचार्या रितु पंघाल, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा, समग्र शिक्षा की जिला परियोजना समन्वयक सुमन हुड्डा, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी तनुमय दत्ता, उप जिला शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार एवं सुनीता चहल, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार, साधना, सतेंद्र व संजय कुमार, एफएलएन रूपांशी हुड्डा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. समीर मान, एपीसी मनोज सुहाग, डाइट फैकल्टी सदस्य मनजीत कुमार के अलावा पवन कुमार तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED NEWS

Most Popular