Monday, March 23, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक डीसी बोले- PNG उपभोक्ता LPG सिलेंडर का न करें स्टॉक, ...

रोहतक डीसी बोले- PNG उपभोक्ता LPG सिलेंडर का न करें स्टॉक, गैस बुकिंग के लिए आधिकारिक ऐप, वेबसाइट अथवा टोल फ्री नंबर का करें उपयोग

रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला में एलपीजी गैस का स्टॉक पर्याप्त है। उपभोक्ताओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि गैस बुकिंग में अनावश्यक जल्दबाजी से बचें और सामान्य रूप से अपनी बुकिंग कराएं। अगर कोई अधिक दाम वसूले या जमाखोरी करे, तो इसकी शिकायत अवश्य करें। केवल गैस कंपनी की आधिकारिक ऐप, वेबसाइट या टोल-फ्री नंबर का उपयोग करके बुकिंग करें।

उन्होंने कहा कि जिला में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला की सभी 35 गैस एजेंसियों पर रविवार को 6775 एलपीजी गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध रहा, जबकि 7334 गैस सिलेंडरों की डिलीवरी की गई। खाद्य एवं पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने कलानौर गैस एजेंसी के स्टॉक को और अधिक बढ़ाने के लिए पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को अफवाह और भ्रामक सूचनाओं से बचना चाहिए।

उपायुक्त ने बताया कि जिला में प्रतिदिन की मांग के अनुसार घरेलू गैस सिलिंडरों की उपलब्धता सुचारू रूप से बनी हुई है। प्रशासन और आपूर्ति विभाग स्थिति की निरंतर निगरानी कर रहा है। गैस वितरण व्यवस्था (सप्लाई चेन) पूरी तरह से सामान्य रूप से संचालित हो रही है।

उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन एवं गैस एजेंसियां यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि प्रत्येक घर तक रसोई गैस की आपूर्ति समय पर एवं सुचारू रूप से बनी रहे। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि जिनके पास पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन है, उन्हें एलपीजी गैस सिलेंडर लेने से परहेज करना चाहिए ताकि डुप्लीकेसी से बचा जा सके।

उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में पहले ही पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय अधिसूचना भी जारी की जा चुकी है। अधिसूचना के अनुसार पाइप्ड प्राकृतिक गैस कनेक्शन तथा घरेलू एलपीजी दोनों ही कनेक्शन रखने वाला कोई भी व्यक्ति, घरेलू एलपीजी कनेक्शन नहीं रखेगा या किसी भी सरकारी तेल कंपनी से अथवा उनके वितरकों के माध्यम से घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का रिफिल नहीं प्राप्त करेगा। ऐसे व्यक्तियों को जिनके पास दोनों ही रूप में कनेक्शन हैं, को अपने घरेलू एलपीजी कनेक्शन को तत्काल वापिस करना होगा।

RELATED NEWS

Most Popular