रोहतक : भवन निर्माण कामगार यूनियन हरियाणा (सीटू) के कार्यकर्ताओं ने कल होने वाली देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में शहर में निकला मोटरसाइकिल जत्था। जत्थे की अगुवाई सीटू जिला सचिव कामरेड विनोद और भवन निर्माण कामगार यूनियन के जिला उप प्रधान संजीव सिंह ने की। जत्थे से पहले सभी कार्यकर्ता स्थानीय मानसरोवर पार्क में एकत्रित हुए।
इस मौके पर मजदूर नेता कामरेड विनोद, संजीव सिह और धर्मदास ने कहा कि बीजेपी सरकार में श्रम कल्याण बोर्ड में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। जिसका खामियाजा निर्माण मजदूरों को भुगतना पड़ रहा है। पिछले 3 महीनों से निर्माण मजदूरों को सुविधा का एक पैसा भी नहीं मिला है। जांच के नाम पर DBT पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। भ्रष्टाचार की मार भ्रष्टाचारियों पर ना पड़ के सीधा मजदूरों पर पड़ रही है। बीजेपी ने अपने 11 साल के राज में श्रम कल्याण बोर्ड को दलाली का अड्डा बना दिया है। पंजीकरण करने से लेकर सुविधा राशि जारी करने तक अधिकारियो व बोर्ड के दलालों का कमीशन तय है। प्रदेश सरकार ने ट्रेड यूनियनों को कल्याण बोर्ड से बाहर करके मजदूरों के अधिकारों पर हमला किया और दलालों की दलाली के रास्ते खोल दिए, जिसके कारण असल मजदूर सुविधा लेने से वंचित हो रहा है।
दूसरी ओर केंद्र सरकार मजदूरों को गुलाम बनाने वाले चार लेबर कोड को लागू करने जा रही है जिससे कल्याण बोर्ड को ही खत्म हो जाएगा। इन लेबर कोडो से न केवल मजदूर गुलामी की ओर जाएगा बल्कि कड़े संघर्षों व बलिदान से हासिल किए गए हक़ व अधिकारों को भी खत्म किया जाएगा। इन लेबर कोडो में न तो काम करने की कोई समय सीमा तय है ओर न ही न्यूनतम वेतन का प्रबंध, जिनका असल निर्माण मजदूरों पर भी सीधा पड़ेगा। भवन निर्माण कामगार यूनियन इन लेबर कोड्स का पुरजोर विरोध करती है और इन लेबर कोड्स के खिलाफ 9 जुलाई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में बढ़-चढ़ कर निर्माण मजदूरों को शामिल कराएगी। इसलिए 9 जुलाई की हड़ताल में निर्माण मजदूर भारी संख्या में शामिल होंगे और अपने हकों की आवाज को बुलंद करेंगे।
मोटरसाइकिल जत्थे में रवि, मनोज कुमार, सरवन, महेश, दिनेश, पप्पू, किशोर, रमाकांत, मंगेज,शिवकुमार, अकील, सिकंदर, गौतम, अरविंद, मनोहर प्रमुख तौर पर शामिल रहे।