Rohtak के प्रेम नगर में पेयजल की समस्या हुई विकराल
रोहतक, 22 फरवरी। प्रेम नगर में पीने के पानी की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है। पिछले 6 महीने से गंदा पानी पीने को मजबूर प्रेम नगर निवासी अब ठेकेदार की लापरवाही से पानी की सप्लाई न आने से परेशान हैं।
एक तरफ जहां सरकार पानी की हर बूंद बचाने के लिए लोगों को जागरूक करने पर लाखों रुपए खर्च कर रही है, वहीं प्रेम नगर में ठेकेदार द्वारा पीने का पानी सड़कों पर बहाया जा रहा है। प्रेम नगर के निवासियों कहना है कि प्रेम नगर में सड़क पर व्यर्थ बह रहा है पीने का पानी और ठेकेदार द्वारा ढाई फीट का गहरा गड्ढा खोदने के बाद वह गायब हो गया है। लोगों ने ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने की मांग की है।
स्थानीय निवासी राजेश कुमार ने बताया कि पिछले 4 दिन से ठेकेदार की लापरवाही से पीने के पानी की सप्लाई नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार ने 2.5 फीट गहरा और 4 फीट चौड़ा गड्ढा खोदने में 4 दिन लगा दिए, जिसके कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और लोगों को चलने में परेशानी हो रही है।
राजेश कुमार ने कहा कि उन्होंने इस समस्या के बारे में कई बार शिकायत की, लेकिन ठेकेदार और जन स्वास्थ्य विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से लोगों को गंदा पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है, जो उनके स्वास्थ्य के लिए खतरा है।
राजेश कुमार ने कहा की “हमारे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं, बुजुर्गों को परेशानी हो रही है। हर घर में कोई न कोई बीमार है। हमें समझ नहीं आ रहा है कि हम क्या करें क्योंकि विभाग कीड़ी की चाल से कार्य कर रहा है जिसके चलते 6 माह गंदे पानी की सप्लाई आते बीत चुके हैं। वहीं अब चार दिन से पीने की पानी की सप्लाई को व्यर्थ सड़क पर बहाया जा रहा है और आसपास दो स्कूल होने के चलते वहां पर बच्चों को सड़क पार करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रेम नगर निवासी संतरा देवी ने बताया कि उनके पति को गंदा पानी पीने से पेट की समस्या हो गई है। “हमारे पास इतने पैसे नहीं हैं कि हम हर दिन बोतल बंद पानी खरीदें। हमें मजबूरन गंदा पानी पीना पड़ रहा है। अगर परिवार में किसी सदस्य को गंदा पानी पीने से कुछ हो गया तो वह अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करेंगे।
राजेश कुमार ने मांग की है कि ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट किया जाए और जन स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रेम नगर में जल्द से जल्द साफ पानी की सप्लाई शुरू की जाए।
इस समस्या के बारे में जब एक्सईएन पब्लिक हेल्थ से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि वे दो दिन में जल्द ही इस समस्या का समाधान करेंगे।

