रोहतक : उपायुक्त सतबीर सिंह, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश नांदल ने स्थानीय बस स्टैंड से धर्मशाला के लिए रोडवेज बस को हरी झंडी दिखाकर धर्मशाला के लिए रवाना किया। इस रूट पर यह बस सेवा दोबारा शुरू की गई है। यह बस सेवा प्रतिदिन संचालित होगी तथा रोहतक बस अड्डे से दोपहर 12 बजे धर्मशाला के लिए रवाना होगी।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि रोहतक से धर्मशाला जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। हरियाणा रोडवेज द्वारा रोहतक-धर्मशाला रूट पर रोजाना बस सेवा का संचालन किया जाएगा। यह बस रोहतक से दोपहर 12 बजे रवाना होकर विभिन्न धार्मिक एवं प्रमुख स्थानों पर रुकते हुए रात 12 बजे धर्मशाला पहुंचेगी। बस की कुल यात्रा दूरी करीब 510 किलोमीटर होगी और एक तरफ का किराया 827 रुपये निर्धारित किया गया है।
सतबीर सिंह ने कहा कि इस बस सेवा का संचालन यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। रोहतक से धर्मशाला जाने वाले यात्रियों को अब सीधी बस सेवा उपलब्ध होगी। बस अपने मार्ग में हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा मोहाली, आनंदपुर साहिब, ऊना, चिंतपूर्णी, ज्वाला जी, कांगड़ा और धर्मशाला में निर्धारित ठहराव करेगी। यह बस प्रतिदिन संचालित होगी। एक बस धर्मशाला में रात्रि विश्राम करेगी तथा दूसरी बस निर्धारित समय के अनुसार रोहतक से रवाना होगी। इस प्रकार यात्रियों को नियमित रूप से दोनों दिशाओं में परिवहन सुविधा उपलब्ध रहेगी।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि धर्मशाला तथा मार्ग में आने वाले अनेक स्थान महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है, जहां रोहतक सहित प्रदेश के लोग बड़ी संख्या में आवागमन करते हैं। ऐसे में इस बस सेवा से श्रद्धालुओं एवं अन्य यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। यह अंतर्राज्यीय रूट है और इसके लिए आवश्यक परमिट प्राप्त करने के बाद समय-सारणी को स्वीकृति दी गई है। यह रूट पहले भी संचालित होता रहा है, लेकिन कुछ समय से बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। अब दोबारा इसका संचालन शुरू होने से यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक परिवहन विकल्प मिलेगा।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश नांदल, परिवहन महाप्रबंधक नवीन कुमार, विकास बंसल सहित परिवहन विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


