रोहतक :शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित हो सकेगी।
मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों की रिकॉर्पेटिंग एवं निर्माण कार्यों का शुभारंभ सम्बंधित वार्ड सदस्य की उपस्थिति में नारियल तोड़कर किया गया। इन विकास कार्यों पर लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत व्यय की जाएगी
मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से सड़कों की मरम्मत एवं सुधार की मांग को ध्यान में रखते हुए इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया गया है। शहर के विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है और सड़कों का बेहतर होना नागरिकों के दैनिक जीवन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने बताया कि जिन विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया है, उनमें सेक्टर-1 एवं सेक्टर-14 की सड़कों की रिकॉर्पेटिंग पर लगभग 1.70 करोड़ रुपये की लागत व्यय की जाएगी। इसके अतिरिक्त ओमेक्स सिटी से मस्तनाथ रोड तक सड़क निर्माण कार्य पर लगभग 1.85 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे इस मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इसी प्रकार सेक्टर-3 की सड़कों की रिकॉर्पेटिंग पर लगभग 2.25 करोड़ रुपये की लागत व्यय की जाएगी, जबकि सेक्टर-3 पॉली क्लीनिक रोड के निर्माण कार्य पर लगभग 44 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन सभी सड़कों के निर्माण व सुधार कार्य पूरे होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था पहले से अधिक बेहतर और सुगम हो जाएगी।
महापौर ने कहा कि नगर निगम रोहतक शहर के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। शहर की सड़कों, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। नगर निगम का प्रयास है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
वहीं नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि निगम अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके है कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जाएं तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की नियमित रूप से निगरानी की जाएगी ताकि कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और जनता को इसका पूरा लाभ मिल सके।
इस अवसर पर नगर निगम कार्यकारी अभियंता योगराज छिकारा, सहायक अभियंता शांत सुहाग व मनदीप, वार्ड सदस्य बिजेंद्र हुड़्डा, परीक्षित देशवाल, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि नरेश कुमार, सेक्टर व तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

