महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक (Maharshi Dayanand University Rohtak) द्वारा स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 15 फरवरी को रंग बहार-पुष्प प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया जायेगा। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर स्थित एफडीसी लॉन में प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगा। पुष्प प्रेमियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा आमजन के लिए यह प्रदर्शनी प्रकृति, सौंदर्य और रचनात्मकता का एक अनूठा संगम प्रस्तुत करेगी।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह की प्रेरणा से आयोजित इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पुष्प सज्जा एवं बागवानी की कला को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं को सृजनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम न केवल सौंदर्यात्मक अनुभव प्रदान करेगा, बल्कि समाज में हरियाली और प्रकृति प्रेम का संदेश भी देगा।
विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे
पुष्प प्रदर्शनी के दौरान विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें लोक संस्कृति और कला की झलक देखने को मिलेगी। इसके साथ ही सजावटी सामग्री तथा जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जो पर्यावरण हितैषी जीवनशैली को बढ़ावा देने में सहायक होगी। रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक सजावट और रचनात्मक प्रस्तुतियों से पूरा परिसर जीवंत हो उठेगा।
कार्यक्रम में अनेक रोचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें बुके सजावट, फ्लोरल ज्वेलरी, कट फ्लावर, गमलों में मौसमी फूलों वाले पौधे, गमलों में सजावटी पौधे, रंगोली एवं पोस्टर मेकिंग, फोटोग्राफी, सेल्फी तथा रील मेकिंग प्रतियोगिताएं शामिल हैं। ये प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेंगी।
प्रवेश सभी के लिए निःशुल्क रहेगा
प्रतियोगिताओं के लिए स्थल पर ही पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी तथा प्रवेश सभी के लिए निःशुल्क रहेगा। गमलों वाले पौधों को 14 फरवरी 2026 की सायं अथवा 15 फरवरी को प्रातः 8 बजे तक प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचाना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम की संयोजक प्रो. विनिता हुड्डा ने बताया कि यह पुष्प प्रदर्शनी प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ-साथ रचनात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त मंच सिद्ध होगी। सह-संयोजक प्रो. दीपक कौशिक ने बताया कि रंग बहार-पुष्प प्रदर्शनी के भव्य एवं शानदार आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।

