चंडीगढ़ : राज्यसभा के उप-सभापति हरिवंश ने कहा कि चुने हुए हर जन-प्रतिनिधियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के विजन को साकार करने में अपना योगदान देने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि आज विश्व विकास में तेजी से आगे बढ़ रहा है और भारत भी विकास की नई गाथा लिख रहा है। यहां हर एक घंटे में एक स्टार्टअप तैयार हो रहा है, जिससे युवाओं को रोगजार मिल रहे हैं। कृषि प्रधान हरियाणा भी कृषि में नए स्टार्टअप तैयार करके रोजगार को बढ़ावा दे रहा है। कृषि क्षेत्र में देश में वर्ष 2019-20 में 108 स्टार्टअप थे, जो अब बढ़कर 500 अधिक हो गए हैं। ये स्टार्टअप सार्थक प्रगति का अवसर प्रदान करते हैं।
हरिवंश शनिवार को लोकसभा की संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) द्वारा हरियाणा विधानसभा के विधायकों के लिए विधायी प्रक्रियाओं पर आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम के समापन पर बतौर मुख्य अतिथि के संबोधित कर रहे थे।
हरियाणा जय जवान-जय किसान के नारे को सही रूप से चरितार्थ करता
राज्यसभा के उप-सभापति हरिवंश ने कहा कि हरियाणा जय जवान-जय किसान के नारे को सही रूप से चरितार्थ करता है। यहां के जवान देश की सीमाओं की सुरक्षा में जुटे हैं तो किसान देश के लोगों के पेट करने का काम कर रहे हैं। यहां के खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय पटल पर पदक जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। इसी गौरवानित परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा ने उदयोग के क्षेत्र में तरक्की की है और देश की अर्थ व्यवस्था को मजबूत करने में अहम योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि अच्छा नेता लोगों में उम्मीदें जगाता है और उन्हें पूरा करने के लिए कठिन परिश्रम करता है। इसी धारणा पर खरा उतरने के लिए विधानसभा में विधायकों को तथ्यों के साथ अपनी बातें व हलके के मुद्दे रखने चाहिए। विधायकों को बजट सेशन के दौरान पूछना चाहिए कि पिछले साल कितना बजट किस मद में खर्च किया गया और कितने प्रभावी ढंग से इसका उपयोग किया गया है व पिछले वर्ष कितने युवाओं को रोजगार मिले हैं। विधायक की यही कार्य़शैली उनकी जनता में पहचान भी बनाती है।
विधानसभा में 40 विधायक पहली बार चुनकर आए हैं
उन्होंने कहा कि हरियाणा की 15वीं विधानसभा ने कई मायनों में लोकतंत्र के लिए सुखद संकेत दिए हैं। विधानसभा में 40 विधायक पहली बार चुनकर आए हैं और 45 विधायकों की 25 से 55 वर्ष हैं। इसके अलावा 13 महिलाएं भी विधायक बनकर विधानसभा पहुंची हैं। 80 प्रतिशत से अधिक ग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट हैं।
उन्होंने कहा कि नए विधायकों को प्रभावी नेता बनने के लिए पुराने अनुभवी नेताओं के भाषणों का अध्ययन करना चाहिए और ज्यादा से ज्यादा विधानसभा के सेशन में भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी का जमाना है। प्रधानमंत्री का सपना है कि विधानमंडलों व संसद को एक डिजिटल प्लेटफार्म पर लाना होगा। इसके लिए उमंग एप भी लांच किया गया है। राज्यों की विधानसभाओं को पेपर लैस करने के लिए ई-विधानसभा माडल तैयार किया है। हरियाणा ने भी इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि देश में सड़क हादसों में सबसे ज्यादा युवाओं की मौत हो रही है, जो कि चिंता का विषय है। एक अध्ययन के अनुसार बताया गया है कि यदि हम सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करते हैं तो वर्ष 2038 तक देश के स्कल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) दर में 14 प्रतिशत की वृद्धि कर सकते हैं। इस मौके पर श्री हरिवंश ने प्राइड के अधिकारियों व कर्मचारियों को भी सम्मानित किया।