नई दिल्ली : ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूचियों को लेकर गंभीर सवाल उठाए।
राहुल गांधी ने दावा किया कि लोकसभा चुनावों समेत विभिन्न चुनावों में धांधली हुई है और इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी सवाल उठाए और उनके इस्तीफे की मांग की।
SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों से जुड़ी रिपोर्ट का हवाला देते हुए राहुल गांधी ने चुनावों में कथित ‘वोट चोरी’ की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि वोट की हिफाजत करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है और यदि वोट की सुरक्षा ही नहीं होगी तो लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होंगे।
राहुल गांधी ने भारतीय राजनीति में सत्ता-विरोधी लहर यानी एंटी-इंकम्बेंसी को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि भारत में एंटी-इंकम्बेंसी एक बुनियादी राजनीतिक ताकत है, जो समय के साथ किसी भी सरकार के खिलाफ माहौल बना सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों के कई नेताओं को इसका सामना करना पड़ा है।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बांग्लादेश युद्ध में जीत के बाद वह लोकप्रियता के चरम पर थीं, लेकिन एक-दो साल के भीतर उन्हें जबरदस्त सत्ता-विरोधी लहर और राजनीतिक दबाव का सामना करना पड़ा।
उन्होंने सवाल उठाया कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और भाजपा के मामले में एंटी-इंकम्बेंसी उसी तरह क्यों दिखाई नहीं देती। उन्होंने कहा कि संविधान की ताकत जनता के वोट से आती है। वोट से संविधान, संविधान से कानून और कानून से संस्थाएं मजबूत होती हैं। ऐसे में वोट की सुरक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जरूरत है।
ये भी देखें—

