रोहतक : दिवाली के पर्व पर जब पूरा शहर रोशनी और आतिशबाजी में डूबा था, तब पीजीआईएमएस रोहतक के ट्रॉमा सेंटर में तैनात खुद के त्यौहार को ना देख कर मरीजों की सेवा के लिए कुलपति डॉ एच के अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में मरीजों की सेवा में 24 घंटे तत्पर रहा। दो दिनों में ट्रॉमा सेंटर में कुल 125 बर्न मरीजों का सफल इलाज किया गया।
जानकारी देते हुए निदेशक डॉ एम जी वशिष्ठ ने बताया कि 7 नवंबर को 11 मरीज ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जबकि दीवाली वाले दिन 8 नवंबर को यह संख्या बढ़कर 114 हो गई। इनमें से 6 मरीजों को भर्ती करना पड़ा, जो अब पूरी तरह स्थिर हैं। बाकी सभी मरीजों को समय पर प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया।
डॉ वशिष्ठ ने कहा कि सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि पीजीआईएमएस में आने वाले किसी भी मरीज को इलाज के लिए इंतजार नहीं करना पड़ा ओर अतिरिक्त स्टाफ ने तुरंत मरीजों को तत्परता से इलाज उपलब्ध करवाया और कोई भी एमएलसी बर्न केस सामने नहीं आया। यह न केवल अस्पताल प्रबंधन की तैयारियों का, बल्कि लोगों की जागरूकता का भी परिणाम है।
निदेशक डॉ. एम.जी. वशिष्ठ ने दीवाली से 2 दिन पहले ही ट्रॉमा सेंटर को हाई अलर्ट पर रख दिया था। उनके निर्देश पर ट्रॉमा में ही स्पेशल बर्न वार्ड बना कर अतिरिक्त बेड, दवाइयां, ड्रेसिंग सामग्री, विशेषज्ञ डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की विशेष ड्यूटी लगाई गई थी। इसी तैयारी का नतीजा रहा कि एक साथ बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों को भी बिना किसी देरी के इलाज मिला।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ सुधीर अत्री ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल इलाज करना नहीं, बल्कि हर मरीज को समय पर और बेहतर सुविधा देना है। हमारी ट्रॉमा टीम ने दीवाली पर दिन-रात एक करके जो सेवा दी है, उस पर पूरे पीजीआईएमएस को गर्व है। सभी 6 भर्ती मरीज स्थिर हैं, यही हमारे लिए सबसे बड़ी दीवाली है।
डॉ सुधीर अत्री ने ट्रॉमा सेंटर में तैनात सभी डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ और सफाई कर्मचारियों का विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने त्योहार पर अपने परिवार से दूर रहकर मरीजों की सेवा को प्राथमिकता दी।
डॉ. वशिष्ठ ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि हमेशा आतिशबाजी में सावधानी बरतें, बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने दें और जलने की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत साफ पानी से धोकर नजदीकी अस्पताल पहुंचें। इस अवसर पर ट्रॉमा के इंचार्ज डॉ हेमंत मोर, डीएमएस इंचार्ज डॉ पंकज छिक्कारा सहित सभी चिकित्सकों ओर कर्मचारियों ने अपना भरपूर सहयोग दिया।

