हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र व हरियाणा की सरकार किसानों की सच्ची हितैषी है। पंजाब में पूर्व की कांग्रेस सरकार ने और अब मौजूदा आम आदमी पार्टी की सरकार ने किसानों की कभी सुध नहीं ली है और न ही किसानों की फसलों को एमएसपी पर खऱीदा। वर्ष 2027 में पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर किसानों की सभी फसलों को हरियाणा की तरह एमएसपी पर खरीदा जाएगा।
मुख्यमंत्री सैनी ने यह बात शनिवार को पंजाब के डेराबस्सी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बतौर मुख्य अतिथि कही।इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री महारानी परनीत कौर, राज्यसभा सदस्य सतनाम संधू, गुरदर्शन सिंह सैनी, हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता,संजीव वशिष्ठ व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज भारत विश्व में एक मजबूत व सशक्त देश बनकर उभरा है। हरियाणा में भी सरकार ने ईमानदारी, पारदर्शिता और सेवा को मूलमंत्र माना है। जातिवाद, तुष्टीकरण और वंशवाद की राजनीति को समाप्त किया जिसकी बदौलत प्रदेश की जनता ने तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का कार्य किया। आज हरियाणा में एक जवाबदेह और संवेदनशील नॉन स्टॉप सरकार कार्य कर रही है।