Wednesday, March 25, 2026
Homeदेशपुलिस ने जारी की एडवाइजरी : विदेश जाने के इच्छुक व्यक्ति सरकार...

पुलिस ने जारी की एडवाइजरी : विदेश जाने के इच्छुक व्यक्ति सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त एजेंट से ही करें सम्पर्क

शिक्षा या घूमने के लिए विदेश जाने के इच्छुक लोग जागरूकता के अभाव में अक्सर फर्जी ट्रेवल एजेन्टों का शिकार बनकर लाखों रुपये गंवा बैठते हैं। लोगों को ऐसे फर्जी ट्रेवल एजेंटों से सावधान रहने की जरूरत है। विदेश जाने के लिए वीजा लगवाने से पूर्व एजेंट के बारे में पूरी जानकारी हासिल करें और सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त एजेंट की ही सेवाएं लें। कुरुक्षेत्र पुलिस ने वीजा के नाम पर धोखाधड़ी के बढ़ रहे मामलों के मध्यनजर लोगों को जागरूक करने के लिए एडवाइजरी जारी की है।

जिला पुलिस द्वारा एडवाइजरी जारी कर फर्जी ट्रेवल एजेंटों से सावधान रहने की अपील की गई है। एसपी नीतीश अग्रवाल ने कहा कि हरियाणा के काफी लोगों की विदेश जाने की इच्छा होती है। लोगों की इच्छा का फायदा उठाकर फर्जी ट्रेवल एजेंट वेबसाइट या सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर विज्ञापन के द्वारा लोगों से सम्पर्क करते हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित नकली यात्रा विज्ञापनों के माध्यम से एजेंट पीड़ितों को अपने झांसे में फंसा लेते हैं। एजेंटों द्वारा तरह-तरह के लालच देकर पैसे हड़प लिए जाते हैं। बहुत से मामलों मे ये एजेंट आम लोगों को अवैध तरीके से सीमावर्ती दूसरे देशों में भेज देते हैं और वहा से जगंलो, समुन्द्री रास्तों, सड़क मार्ग द्वारा पैदल नावों, कन्टैनरों द्वारा गैर कानूनी तरीके से सीमा पार करवाते हैं। इस यात्रा के दौरान बहुत से लोगों की ठंड के कारण, जहरीले जानवरों के काटने से, नाव डूबने या कंटेनर मे दम घुटने से मृत्यु हो जाती है। बहुत से मामलों मे इस प्रकार से विदेश गए लोगों के पासपोर्ट आदि दस्तावेज अपराधियों द्वारा छीन लिए जाते है और उनसे डरा-धमकाकर गलत कार्य करवाए जाते हैं। इसलिए हमें ऐसे भ्रामक विज्ञापनों से बचकर रहना चाहिए।

आपके द्वारा बरती गई थोड़ी-सी सावधानी आपको ऐसे ठगों का शिकार होने से बचा सकती है। विदेश जाने से सम्बंधित कार्यों को लेकर हमेशा सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त एजेंटों की सेवाएं लें और पैसों का भुगतान करने से पूर्व उसे एजेंट के बारे में पूरी जानकारी हासिल करें।

RELATED NEWS

Most Popular